कोलकाता में डेटा सेंटर विकास की पाइपलाइन 50% बढ़ी

मुख्य बातें सात शहरों में सबसे तेज वृद्धि देश की कुल प्रस्तावित परियोजनाओं में कोलकाता की हिस्सेदारी महज 3.8%
कोलकाता में डेटा सेंटर विकास की पाइपलाइन 50% बढ़ी
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : नाइट फ्रैंक इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, 2026 के पहले नौ महीनों में कोलकाता में डेटा सेंटर विकास की पाइपलाइन में 50 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। यह देश के सात प्रमुख डेटा सेंटर बाजारों में सबसे अधिक प्रतिशत वृद्धि है। शहर में प्रस्तावित डेटा सेंटर की संख्या 2025 में दो से बढ़कर 2026 की तीसरी तिमाही में तीन हो गई। इसमें 10 से 50 मेगावाट क्षमता वाले डेटा सेंटर की संख्या एक से बढ़कर दो हो गई। हालांकि, देशभर में प्रस्तावित 80 डेटा सेंटर परियोजनाओं में कोलकाता की हिस्सेदारी केवल 3.8 फीसदी है। रिपोर्ट के मुताबिक, कोलकाता में फिलहाल 10 मेगावाट से कम क्षमता वाले पांच डेटा सेंटर संचालित हैं। वहीं, 10 से 50 मेगावाट क्षमता वाले दो और 50 से 100 मेगावाट क्षमता वाला एक डेटा सेंटर है। शहर में 100 मेगावाट से अधिक क्षमता वाला कोई भी डेटा सेंटर न तो संचालित है और न ही विकास की प्रक्रिया में है।

राष्ट्रीय स्तर पर डेटा सेंटर विकास की पाइपलाइन 2025 के 70 से बढ़कर 2026 की तीसरी तिमाही में 80 हो गई, जो 14.3 फीसदी की वृद्धि है। 50 मेगावाट से अधिक क्षमता वाले डेटा सेंटर की हिस्सेदारी कुल पाइपलाइन में 44.3 फीसदी से बढ़कर 55 फीसदी हो गई है। यह बड़े डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर बढ़ते रुझान को दर्शाता है। वहीं, 100 मेगावाट से अधिक क्षमता वाले डेटा सेंटर की संख्या में सबसे अधिक 80 फीसदी की वृद्धि हुई। इनकी संख्या 15 से बढ़कर 27 हो गई। मुंबई 34 परियोजनाओं के साथ देश में पहले स्थान पर है। राष्ट्रीय पाइपलाइन में इसकी हिस्सेदारी 42.5 फीसदी है। इसके बाद 15 परियोजनाओं के साथ हैदराबाद दूसरे स्थान पर है। नाइट फ्रैंक इंडिया के कार्यकारी निदेशक (ऑक्यूपियर स्ट्रैटेजी एंड सॉल्यूशंस) एवं डेटा सेंटर बिजनेस (भारत) प्रमुख जोसेफ थिलक ने कहा कि विकास की पाइपलाइन में बड़े आकार के डेटा सेंटर की बढ़ती हिस्सेदारी इस क्षेत्र में बदलते परिदृश्य को दर्शाती है। मुंबई लगातार बाजार का प्रमुख केंद्र बना हुआ है, जबकि बड़े डेटा सेंटर के मामले में हैदराबाद अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News