टाला ब्रिज के नीचे पाइपलाइन में रिसाव, कई इलाकों में जलसंकट की आशंका

मरम्मत में लग सकते हैं एक से दो दिन
टाला रेलवे ब्रिज के नीचे पाइपलाइन में रिसाव होने के बाद इलाके में जलभराव की तस्वीर
टाला रेलवे ब्रिज के नीचे पाइपलाइन में रिसाव होने के बाद इलाके में जलभराव की तस्वीर
Published on: 

कोलकाता : टाला रेलवे ब्रिज के नीचे रेलवे ट्रैक के पास केएसमी की 1800 मिमी व्यास वाली मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन में रिसाव का पता चला। इस घटना के बाद शहर के कई इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। केएमसी के जलापूर्ति विभाग के अनुसार, पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। इस कार्य में रेलवे अधिकारियों का भी सहयोग लिया जा रहा है। नगर निगम के मुताबिक, मरम्मत कार्य पूरा होने और जलापूर्ति सामान्य होने में एक से दो दिन का समय लग सकता है। इस दौरान संबंधित इलाकों में पानी का दबाव कम रहने के साथ ही जलापूर्ति रुक-रुक कर हो सकती है।

इन इलाकों में प्रभावित हो सकती है जलापूर्ति

पाइपलाइन में रिसाव के कारण सी.आर. एवेन्यू, राजाबाजार, पार्क सर्कस, ए.जे.सी. बोस रोड, कॉलेज स्ट्रीट, बिधान सरणी, बालीगंज और कसबा सहित कोलकाता नगर निगम के कई इलाकों में पेयजल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।

पानी के टैंकरों की होगी व्यवस्था

नगर निगम ने कहा है कि प्रभावित इलाकों के नागरिकों को होने वाली असुविधा को देखते हुए जरूरत पड़ने पर पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे पहले से पीने के पानी का पर्याप्त भंडारण कर लें और पानी का इस्तेमाल सावधानीपूर्वक करें। पानी की बर्बादी से बचने की भी सलाह दी गई है।

नगर निगम ने नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। किसी भी प्रकार की असुविधा या सहायता के लिए नागरिक 033-2286-1212, 033-2286-1313 और 033-2286-1414 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर 9830324330 पर भी संपर्क किया जा सकता है। मरम्मत कार्य तेजी से जारी है। नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के नागरिकों को हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए उनसे सहयोग और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News