कोलकाता टकसाल ने शुरू की आईआईटी खड़गपुर प्लेटिनम जुबली के 75 रुपये के स्मारक सिक्के की बुकिंग

कोलकाता टकसाल ने शुरू की आईआईटी खड़गपुर प्लेटिनम जुबली के 75 रुपये के स्मारक सिक्के की बुकिंग
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : भारत सरकार की कोलकाता टकसाल ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), खड़गपुर की प्लेटिनम जुबली के उपलक्ष्य में जारी किए गए 75 रुपये के स्मारक सिक्के की बुकिंग शुरू कर दी है। इस सिक्के की बुकिंग 28 नवंबर 2026 से प्रारंभ हुई है। हालांकि, इसकी उपलब्धता सीमित रखी गई है।

इससे पहले 21 नवंबर 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आईआईटी खड़गपुर के अपने दौरे के दौरान इस विशेष स्मारक सिक्के का विमोचन किया था। इस अवसर पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल श्री आर. एन. रवि, मुख्यमंत्री श्री सुवेंदु अधिकारी, आईआईटी खड़गपुर के निदेशक प्रोफेसर सुमन चक्रवर्ती सहित अन्य मंत्रीगण एवं अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

40 ग्राम शुद्ध चांदी से निर्मित है सिक्का

75 रुपये मूल्यवर्ग का यह स्मारक सिक्का 40 ग्राम वजन की 999 शुद्ध चांदी (99.9 प्रतिशत शुद्धता) से निर्मित है। फिलहाल यह सिक्का प्रूफ सेट (Proof Set) के रूप में आकर्षक बुकलेट पैकिंग में उपलब्ध है। इसकी प्रारंभिक निर्गम कीमत 12,286 रुपये निर्धारित की गई है। टकसाल के अनुसार, कीमत में भविष्य में संशोधन किया जा सकता है।

भारत में 75 रुपये मूल्यवर्ग का 20वां स्मारक सिक्का

प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत के अनुसार, आईआईटी खड़गपुर की प्लेटिनम जुबली पर जारी यह सिक्का भारतीय मुद्राशास्त्र के इतिहास में विशेष महत्व रखता है।

इससे पहले भी भारत में विभिन्न अवसरों पर 75 रुपये मूल्यवर्ग के 19 स्मारक सिक्के जारी किए जा चुके हैं। ऐसे में आईआईटी खड़गपुर का यह सिक्का देश में जारी होने वाला 75 रुपये मूल्यवर्ग का 20वां स्मारक सिक्का है। इस दृष्टि से यह सिक्का संग्रहकर्ताओं के लिए विशेष महत्व रखता है।

ये सिक्के प्रचलन के लिए नहीं, संग्रहण के लिए बनाए जाते हैं

स्मारक सिक्के सामान्य मुद्रा की तरह रोजमर्रा के लेन-देन में उपयोग करने के उद्देश्य से नहीं बनाए जाते। ये अप्रचलित स्मारक सिक्के होते हैं, जिन्हें किसी विशिष्ट व्यक्तित्व, संस्था, ऐतिहासिक घटना अथवा महत्वपूर्ण उपलब्धि की स्मृति में जारी किया जाता है।

इन सिक्कों को मुख्य रूप से मुद्राशास्त्री, सिक्का संग्रहकर्ता तथा संबंधित संस्थाओं और विषयों में रुचि रखने वाले लोग एक ऐतिहासिक धरोहर के रूप में खरीदकर अपने संग्रह में सुरक्षित रखते हैं।

देश में तीन सरकारी टकसालों में बनाए जाते हैं स्मारक सिक्के

सुधीर लुणावत के अनुसार, भारत में इस प्रकार के स्मारक सिक्कों का निर्माण भारत सरकार की तीन टकसालों में किया जाता है। ये टकसालें मुंबई, कोलकाता और हैदराबाद में स्थित हैं।

जिस सरकारी टकसाल में किसी विशेष स्मारक सिक्के का निर्माण किया जाता है, उसी टकसाल के माध्यम से उस सिक्के की बिक्री और बुकिंग की जाती है। इन सिक्कों की खुदरा बिक्री और बुकिंग में भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं होती।

देश का कोई भी नागरिक संबंधित भारत सरकार की टकसाल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपनी पसंद का स्मारक सिक्का सेट खरीद सकता है। हालांकि, इसकी खरीद उपलब्धता और टकसाल द्वारा निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अधीन होती है।

आईआईटी खड़गपुर की प्लेटिनम जुबली के अवसर पर जारी 75 रुपये का यह प्रूफ सेट भारतीय स्मारक सिक्कों की श्रृंखला में एक महत्वपूर्ण स्थान रखता है। इसकी विशिष्टता, शुद्ध चांदी की संरचना और ऐतिहासिक महत्व के कारण देशभर के मुद्राशास्त्रियों एवं सिक्का संग्रहकर्ताओं के बीच इसके प्रति विशेष रुचि रहने की उम्मीद है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News