

कोलकाता : विधानसभा चुनाव के बाद बदले राजनीतिक हालात के बीच कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल सोमवार से दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता आ चुके हैं और राज्य इकाई के नेताओं के साथ लगातार बैठक कर रहे हैं। इस दौरान वे जिला अध्यक्षों, वरिष्ठ नेताओं और विधानसभा चुनाव लड़ चुके उम्मीदवारों से अलग-अलग मुलाकात कर जमीनी स्थिति का फीडबैक लेंगे।
सूत्रों के अनुसार, बैठकों में संगठन के विस्तार, जिला इकाइयों को मजबूत करने और आने वाले महीनों की राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होगी। वेणुगोपाल राज्य नेतृत्व से मिले सुझावों के आधार पर अपनी रिपोर्ट कांग्रेस हाईकमान को सौंपेंगे। बैठकों में तृणमूल कांग्रेस के साथ भविष्य के राजनीतिक संबंधों, पार्टी के आंदोलन कार्यक्रम, फेरीवालों के बेदखली अभियान और प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) जैसे मुद्दों पर भी रणनीति बनाई जा सकती है।
इसके अलावा 21 जुलाई को शहीद मीनार में कांग्रेस के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा होगी। पार्टी सूत्रों का यह भी कहना है कि चुनाव के बाद तृणमूल के कुछ कार्यकर्ता और स्थानीय नेता कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा जता रहे हैं। हालांकि कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि किसी को भी बिना जांच-परख के शामिल नहीं किया जाएगा और संगठन की छवि व अनुशासन को प्राथमिकता दी जाएगी।