ऐतिहासिक एवं भव्य भगवान पार्श्वनाथ रथयात्रा का सानंद समापन

200 वर्षों से अधिक पुरानी परंपरा का हुआ भव्य निर्वहन, हजारों श्रद्धालुओं ने किए श्रीजी के दर्शन एवं आरती
Kolkata
पार्श्वनाथ रथयात्रा
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : धर्मनगरी कोलकाता में 200 वर्षों से भी अधिक समय से निकाली जा रही ऐतिहासिक, भव्य एवं विराट श्री दिगम्बर जैन भगवान पार्श्वनाथ रथयात्रा मार्गशीर्ष पंचमी के पावन अवसर पर रविवार को बड़े ही हर्षोल्लास, भक्तिभाव एवं धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुई।

रविवार प्रातः करीब 11 बजे श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन उपवन मंदिर जी, बेलगछिया से गाजे-बाजे एवं हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भगवान श्रीजी की भव्य रथयात्रा प्रारंभ हुई। यह रथयात्रा श्यामबाजार, गणेश टॉकीज, चितपुर, बड़ा बाजार सहित कोलकाता के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई शाम करीब 4 बजे बड़ाबाजार स्थित ऐतिहासिक श्री दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर जी पहुंची।

रथयात्रा के श्यामबाजार मोड़ पर पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने सपरिवार बड़ी श्रद्धा एवं उत्साह के साथ श्रीजी के रथ की भव्य अगवानी की। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन, आरती एवं पूजन कर अपने जीवन को धन्य किया। श्रीजी का रथ बड़ा मंदिर पहुंचने पर हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में वासुपूज्य भगवान का मंगल अभिषेक एवं शुभ शांतिधारा संपन्न हुई।

इस ऐतिहासिक रथयात्रा का विशेष आकर्षण तीर्थंकरों के पंचकल्याणक (गर्भ, जन्म, तप, ज्ञान एवं मोक्ष) तथा जैन धर्म की विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक घटनाओं पर आधारित मनोहारी झांकियां रहीं। इनमें माता के 16 स्वप्न, ऐरावत हाथी,108 रजत कलश, इंद्रध्वज,संसार दर्शन, तपश्चरण एवं उपसर्ग सहन आदि की आकर्षक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

रथयात्रा के दौरान स्थानीय धार्मिक संस्थाओं एवं विद्यालयों की भजन मंडलियों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गणेश टॉकीज क्षेत्र में आचार्य श्री 108 वसुनंदी जी मुनिराज (32 पिच्छी) ससंघ के पावन सानिध्य में महावीर युवा मंडल, हावड़ा द्वारा भगवान की मंगल आरती की गई। इस अवसर पर वासुपूज्य भगवान एवं पार्श्वनाथ भगवान के जयकारों तथा गुरुदेव के जय-जयकार से संपूर्ण क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। महावीर युवा मंडल, हावड़ा द्वारा की गई भव्य अगवानी ने रथयात्रा की शोभा में चार चांद लगा दिए।

रथयात्रा के दौरान स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस विभाग का भी सराहनीय सहयोग रहा। प्रशासन के अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने व्यवस्था बनाए रखने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।

रथयात्रा की सफलता में सभी का सराहनीय योगदान

इस विशाल एवं ऐतिहासिक रथयात्रा को सफल बनाने में अध्यक्ष श्री संजय पहाड़िया, उपाध्यक्ष दिलीप पाटनी, महामंत्री ललित लुहाड़िया एवं सहमंत्री राजकुमार काला के साथ सुरेन्द्र जैन (जैन साहब), मनोज जैन (पीएम), सुशील पांड्या, सुरेन्द्र धगड़ा, प्रज्ञेष जैन, हर्ष सेठी, सुमित जैन, राजीव जैन धगड़ा, महेंद्र पांड्या, युवराज जैन, निखिल जैन, अचल जैन, नितेश जैन सहित कोलकाता एवं बृहत्तर कोलकाता जैन समाज के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया

पार्श्वनाथ रथयात्रा के कुशल संचालन एवं इस वर्ष रथयात्रा के सफलतापूर्वक एवं सानंद संपन्न होने पर महामंत्री श्री ललित जी लुहाड़िया ने कोलकाता एवं बृहत्तर कोलकाता जैन समाज के समस्त साधर्मी बंधुओं, मार्गदर्शकों, कार्यकर्ताओं, दानदाताओं एवं शुभचिंतकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी महानुभावों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News