पीयरलेस के संस्थापक बी.के. रॉय की जन्मशताब्दी पर भव्य संगीत संध्या का आयोजन

‘बीइंग पीयरलेस’ के नाम से सजी सुरों की महफिल, सांसद समीक भट्टाचार्य और पर्यटन मंत्री शंकर घोष रहे उपस्थित; छह दिग्गज कलाकारों ने दी संगीतमय श्रद्धांजलि
Kolkata
‘बीइंग पीयरलेस’
Published on: 

सन्मार्ग संवाददाता

कोलकाता : पीयरलेस ग्रुप के आधुनिक स्वरूप को स्थापित करने वाले और भारतीय बैंकिंग, वित्तीय सेवा एवं बीमा (बीएफएसआई) क्षेत्र के प्रमुख व्यक्तित्व स्वर्गीय भूदेब कांति रॉय (बी.के. रॉय) की जन्मशताब्दी वर्ष का समापन शुक्रवार को विशेष समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर पीयरलेस ग्रुप फाइनेंस एंड इन्वेस्टमेंट कंपनी लिमिटेड की ओर से कोलकाता के एक पांच सितारा होटल में ‘बीइंग पीयरलेस’ शीर्षक से भव्य संगीत संध्या का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद समीक भट्टाचार्य और पश्चिम बंगाल के पर्यटन मंत्री शंकर घोष उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने पीयरलेस ग्रुप की व्यावसायिक उपलब्धियों के साथ समाज के प्रति उसके योगदान की सराहना की।

यह संगीत संध्या स्वर्गीय बी.के. रॉय के जीवन, दूरदर्शी नेतृत्व और उनके आदर्शों को संगीतमय श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से आयोजित की गई। इस मौके पर समूह ने अपने स्मरणोत्सव समारोह के लिए नई पहचान ‘बीइंग पीयरलेस’ की भी शुरुआत की। इस पहल का मूल संदेश है कि बेमिसाल होने का अर्थ केवल दूसरों से आगे निकलना नहीं, बल्कि विश्वास, अनुशासन, विनम्रता और सेवा भाव के जरिए समाज के लिए सकारात्मक योगदान देना है।

संगीत समारोह का मुख्य आकर्षण भारतीय शास्त्रीय संगीत के छह प्रतिष्ठित कलाकारों की प्रस्तुतियां रहीं। सुप्रसिद्ध मोहन वीणा वादक पंडित विश्व मोहन भट्ट, संतूर वादक पंडित तरुण भट्टाचार्य, सितार वादक पूरबायन चटर्जी, बांसुरी वादक पंडित राकेश चौरसिया, तबला वादक ओजस आधिया और शिखर नाद कुरैशी ने अपनी प्रस्तुतियों से समारोह को यादगार बनाया।

पीयरलेस ग्रुप की इस पहल के माध्यम से बी.के. रॉय के उन मूल्यों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया गया, जिनमें विश्वास, सामाजिक सेवा और जनकल्याण को विशेष महत्व दिया गया था। समूह ने उनके योगदान और दूरदर्शी सोच को अपनी निरंतर प्रेरणा बताते हुए जन्मशताब्दी वर्ष के समापन को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News