

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में छिनताई की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला पूर्व जादवपुर के पूर्वलोक इलाके का है, जहां बुधवार रात बाइक सवार एक बदमाश ने सरेराह 44 वर्षीय महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और तेज रफ्तार से फरार हो गया। घटना रात करीब नौ बजे पूर्वलोक मेन रोड पर आवासन समिति के पास हुई।
क्या है पूरा मामला
पीड़िता की पहचान मौमिता मिश्रा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात वह सब्जी खरीदकर घर लौट रही थीं। वह मेन रोड से बाईपास की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पूर्वलोक पार्क के पास पीछे से एक बाइक सवार उनके करीब पहुंचा और पलक झपकते ही उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। छीनी गई चेन का वजन करीब आठ ग्राम बताया गया है। मौमिता के मुताबिक, बाइक पर केवल एक व्यक्ति सवार था। उसने हेलमेट नहीं पहन रखा था, लेकिन चेहरे पर मास्क लगा रखा था और वह ग्रे रंग की जैकेट पहने हुए था। सड़क पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण वह बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं देख सकीं। अचानक हुई इस घटना से वह बुरी तरह घबरा गईं।
स्थानीय लोगों ने किया पीछा, फिर भी हाथ नहीं आया बदमाश
घटना के बाद वहां मौजूद एक सब्जी विक्रेता और कुछ अन्य लोगों ने बदमाश को पकड़ने के लिए उसका पीछा किया, लेकिन आरोपी को दबोचने में सफलता नहीं मिली। बताया जा रहा है कि वह उत्तलिका हाउसिंग कॉम्प्लेक्स के अंदरूनी रास्ते से नयााबाद की ओर भाग निकला। वारदात के तुरंत बाद पीड़िता ने पुलिस को इसकी सूचना दी। कोलकाता पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, जांचकर्ताओं ने महिला के साथ घटनास्थल का मुआयना किया है। इसके अलावा आसपास के एक सैलून और दूसरे हाउसिंग कॉम्प्लेक्स से सीसीटीवी फुटेज भी जुटाई गई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने और उसके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
घटना के बाद घर बदलने का फैसला
गौरतलब है कि मौमिता मिश्रा वर्ष 2009 से पूर्वलोक की 18वीं स्ट्रीट में रह रही हैं। उनके पति काम के सिलसिले में मुंबई में रहते हैं, जबकि वह अपने छोटे बेटे के साथ यहां रहती हैं। उनका बड़ा बेटा हॉस्टल में रहता है। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। पीड़िता का कहना है कि इलाके में इस तरह की वारदात के बाद अब उन्हें यहां रहना सुरक्षित नहीं लग रहा है। ऐसे में परिवार ने मुकुंदपुर स्थित अपने दूसरे आवासीय परिसर में शिफ्ट होने पर विचार शुरू कर दिया है। एक छिनताई की घटना ने वर्षों पुराने घर को छोड़ने तक के लिए परिवार को मजबूर कर दिया है।