

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : राजेंद्र सिंह लाहौरिया के लिए दौड़ना महज फिटनेस या व्यायाम का माध्यम नहीं, बल्कि जीवन का जुनून, मानसिक शांति का स्रोत और प्रकृति से जुड़ने का एक खास जरिया है। विमानन क्षेत्र में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने वाले लाहौरिया का खेल के प्रति लगाव बचपन से ही रहा है।
लाहौरिया कोलकाता एयरपोर्ट पर हेड ऑफ एयर ट्रैफिक सर्विसेज के पद पर कार्य कर चुके हैं। इसके अलावा वह एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के पूर्व कार्यकारी निदेशक भी रह चुके हैं। वर्तमान में उनका जुड़ाव नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से है।
मेघालय के शिलांग में कॉलेज की पढ़ाई के दौरान उन्होंने अपनी दौड़ने की प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। वह अंतर-महाविद्यालय क्रॉस-कंट्री प्रतियोगिताओं में चैंपियन रहे। राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) में रहते हुए भी उनका दौड़ से जुड़ाव बना रहा।
5 किलोमीटर की दौड़ से शुरुआत कर पहली फुल मैराथन तक पहुंचने का उनका सफर साबित करता है कि उम्र और पेशेवर जिम्मेदारियां जुनून के रास्ते में बाधा नहीं बन सकतीं।