

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : जिले में शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रेसीडेंसी रेंज के डीआईजी कंकर प्रसाद बारुई ने रविवार को बारुईपुर पुलिस के अंतर्गत आने वाले विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बारुईपुर स्थित एसपी कार्यालय, बारुईपुर थाना, सोनारपुर और नरेंद्रपुर इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।दौरे का मुख्य उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासनिक तैयारियों का आकलन करना था। डीआईजी बारुई ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत चर्चा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है। डीआईजी ने यह भी कहा कि इस तरह के दौरों का उद्देश्य आम जनता में विश्वास कायम करना है, ताकि वे बिना किसी भय या दबाव के अपने मताधिकार का स्वतंत्र रूप से प्रयोग कर सकें। इस मौके पर कई वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने क्षेत्र में सुरक्षा और शांति बनाए रखने के लिए की गई तैयारियों की जानकारी भी साझा की।