पालतू कुत्तों के साथ टहलने गए दंपति पर हमला

बांसद्रोणी थाना इलाके की घटना, महिला से छेड़छाड़ का आरोप
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

कोलकाता : दक्षिण कोलकाता के बांसद्रोणी इलाके में पालतू कुत्तों को घुमाने निकले एक दंपति के साथ कथित मारपीट और महिला से अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, 30 मई की रात करीब 8 बजे दंपति अपने पालतू कुत्तों के साथ जयश्री संघ मैदान पहुंचा था। यह मैदान कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अधीन बताया जाता है। दोनों कुत्ते पट्टे से बंधे हुए थे और सामान्य सैर के लिए लाए गए थे।

शिकायत के मुताबिक, मैदान में प्रवेश करते समय सुमन नामक एक व्यक्ति ने उन्हें रोक दिया। उसने खुद को मैदान का प्रबंधन करने वाले क्लब से जुड़ा बताते हुए कहा कि परिसर में पालतू जानवरों का प्रवेश प्रतिबंधित है, जब तक कि मालिक क्लब के सदस्य न हों। दंपति ने जब इस प्रतिबंध का कारण जानना चाहा, तो आरोपी कथित रूप से आक्रामक हो गया। आरोप है कि उसने अपमानजनक भाषा का प्रयोग करते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी। कुछ ही देर बाद वह दो अन्य लोगों के साथ लौटा। शिकायत में कहा गया है कि तीनों ने मिलकर दंपति के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। महिला के साथ भी कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया तथा उसकी गरिमा को ठेस पहुंचाने की नीयत से आपत्तिजनक हरकतें की गईं।

घटना से भयभीत दंपति किसी तरह वहां से निकल गया। दंपति का कहना है कि इस घटना के बाद से वे मानसिक तनाव में हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित महसूस कर रहे हैं। पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर बांसद्रोणी थाने में मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद 10 जून को एफआईआर दर्ज की गई। दूसरी ओर, स्थानीय क्लब ने इस घटना से किसी भी प्रकार के संबंध होने से इनकार किया है। क्लब प्रतिनिधियों का कहना है कि वे पालतू पशु प्रेमियों के खिलाफ किसी तरह की रोक-टोक का समर्थन नहीं करते।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in