

कोलकाता : पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने बुधवार को कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के प्रस्तावित वार्ड परिसीमन के ड्राफ्ट शेड्यूल-II के खिलाफ नगर आयुक्त के समक्ष औपचारिक आपत्ति दर्ज करायी।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार बिना पर्याप्त आंकड़े, प्रक्रिया और तर्क सार्वजनिक किये तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ सार्थक चर्चा किये बिना परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।
ज्ञापन में कहा गया कि 22 अगस्त को ड्राफ्ट अधिसूचना और 29 अगस्त को मानचित्र जारी किया गया। ऐसे में इतनी कम अवधि में वार्डवार आपत्ति दर्ज कराना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है।
कांग्रेस के अनुसार, केएमसी ने प्रति वार्ड करीब 16 हजार मतदाताओं का मानक तय किया था। इसके बावजूद ड्राफ्ट में 32 से अधिक वार्डों में 13,500 से कम, जबकि 12 वार्डों में 18,500 से अधिक मतदाता हैं। कुछ वार्डों में यह संख्या 30 हजार से भी अधिक है।
पार्टी ने वार्डवार जनसंख्या, औसत जनसंख्या तथा एससी/ एसटी आबादी का आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किये जाने पर भी सवाल उठाया। कांग्रेस ने वोटर लिस्ट के आधार पर परिसीमन तथा एसआईआर के तहत लंबित 1.3 लाख से अधिक मामलों को लेकर भी आपत्ति जतायी।
कांग्रेस ने आपत्ति की समयसीमा बढ़ाने, प्रत्येक वार्ड से संबंधित सभी आंकड़े सार्वजनिक करने तथा ज्ञापन को प्रारंभिक आपत्ति के रूप में दर्ज कर प्रत्येक बिंदु पर जवाब देने की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी कि प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं आने पर वह व्यापक लोकतांत्रिक आंदोलन का रास्ता अपनायेगी।