‘कानून नहीं, शासक का राज’, कांग्रेस का हमला

अतनु दास की गिरफ्तारी पर प्रदेश कांग्रेस का सरकार पर निशाना
फ़ाइल फोटो
फ़ाइल फोटो
Published on: 

कोलकाता : बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की बंगालियों के खान-पान पर टिप्पणी के विरोध में कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। शनिवार को विधान भवन में पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने कहा, ‘‘बंगाल में कानून का शासन नहीं, शासक का कानून चल रहा है। पुलिस दलदास बन चुकी है।’’

दक्षिण कोलकाता कांग्रेस नेता अतनु दास के बाद आसनसोल के कांग्रेस कार्यकर्ता अरूप मुखर्जी की गिरफ्तारी का मुद्दा उठाते हुए शुभंकर ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं पर पुलिस तत्काल कार्रवाई कर रही है, जबकि बागेश्वर बाबा के खिलाफ दर्ज एफआईआर पर कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे बाबाओं को बंगाल लाकर सांप्रदायिक तनाव पैदा करना चाहती है।

शुभंकर ने कहा, ‘‘बागेश्वर बाबा ने बंगालियों के अच्छे-बुरे पर टिप्पणी की, लेकिन बांग्लादेश के चिन्मय कृष्ण दास का एक बार भी जिक्र नहीं किया।’’ उन्होंने इसे हिंदुओं के अपमान से जोड़ते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पर भी निशाना साधा। कहा, ‘‘मेदिनीपुर प्रतिरोध की भूमि है। वहां के बेटे होने के नाते मुख्यमंत्री को इस टिप्पणी का विरोध करना चाहिए था।’’

सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस ने बागेश्वर विवाद और भाजपा के कथित दमन के खिलाफ राष्ट्रपति से हस्तक्षेप की मांग करने का फैसला किया है। साथ ही चिन्मय कृष्ण दास के मुद्दे पर बांग्लादेश उप-उच्चायोग के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस ने अदालत में कानूनी लड़ाई के साथ आम लोगों को साथ लेकर सड़क पर बड़ा आंदोलन खड़ा करने की भी घोषणा की है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in