सितंबर में नेताजी इंडोर में कांग्रेस का महासम्मेलन

बंगाल में निकाय चुनाव से पहले पार्टी का शक्ति प्रदर्शन
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता : राज्य में इस साल के अंत तक नगर निकाय चुनाव की संभावनाओं के बीच प्रदेश कांग्रेस ने शहरी इलाकों में संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी सितंबर में नेताजी इंडोर स्टेडियम में नगर क्षेत्रों के कार्यकर्ताओं का बड़ा महासम्मेलन आयोजित करने की तैयारी कर रही है। सम्मेलन के जरिए पार्टी निकाय चुनाव से पहले संगठन की जमीनी स्थिति का आकलन करने के साथ आगामी रणनीति भी तय करेगी।

हाल ही में विधानसभा के विशेष सत्र में कोलकाता और हावड़ा नगर निगम के वार्ड बढ़ाने से जुड़े विधेयक पारित होने के बाद नवंबर-दिसंबर में निकाय चुनाव होने की चर्चा तेज हुई है। इसी को देखते हुए कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार के मुताबिक, महासम्मेलन में नगर क्षेत्रों के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी की आगे की रणनीति और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की कोशिश है कि आगामी निकाय चुनाव में अधिक से अधिक वार्डों में पार्टी उम्मीदवार उतारे जाएं। इससे एक ओर कांग्रेस का राजनीतिक संदेश शहर के विभिन्न इलाकों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर पार्टी को जनता के बीच अपनी स्थिति और समर्थन का आकलन करने का अवसर भी मिलेगा।

कांग्रेस प्रवक्ता सुमन रायचौधरी ने कहा कि बूथ स्तर से संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अब शहरी क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सितंबर में कोलकाता में होने वाला बड़ा कार्यकर्ता सम्मेलन इसी रणनीति का हिस्सा है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in