

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार के मुख्य सचिव मनोज अग्रवाल ने आगामी गंगासागर मेले के आयोजन को लेकर गंगासागर मेला परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रसिद्ध कपिल मुनि मंदिर में दर्शन भी किए और मेले की तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने मेला परिसर में तीर्थयात्रियों की सुविधाओं, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया। मीडिया से बातचीत करते हुए मनोज अग्रवाल ने कहा कि गंगासागर मेले में विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में इस बार विशेष तैयारियां की जा रही हैं, ताकि विदेशी श्रद्धालुओं को मेले में कुछ अलग और यादगार अनुभव मिल सके। उन्होंने बताया कि इस वर्ष गंगासागर मेले के आयोजन के लिए पहले की तुलना में अधिक जगह का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मुख्य सचिव के निरीक्षण से स्पष्ट है कि राज्य सरकार गंगासागर मेले को सुचारु, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष रूप से तत्पर है।