

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : महानगर में एक व्यवसायी से वित्तीय धोखाधड़ी, जालसाजी और जबरन वसूली के आरोप में बहूबाजार थाने की पुलिस ने एक चार्टर्ड अकाउंटेंट को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान गौरव जालान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे बैंकशाल अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उसे आगामी 2 दिसंबर तक पुलिस हिरासत में भेजने का निर्देश दिया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपित ने एक संस्था से विभिन्न वित्तीय और कॉरपोरेट संबंधी कामकाज का जिम्मा लिया था। आरोप है कि उसने इस काम के लिए संस्था से पैसे भी प्राप्त किए, लेकिन तय समय और शर्तों के अनुसार काम पूरा नहीं किया। इसके बाद संस्था की ओर से उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई।
क्या है पूरा मामला
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गौरव जालान ने एमसीए (मिनिस्ट्री ऑफ कॉरपोरेट अफेयर्स) के नाम पर कथित फर्जी भुगतान रसीदों का इस्तेमाल कर 38,100 रुपये का गबन किया। इसके अलावा, उस पर क्लाइंट के डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट का कथित दुरुपयोग करने और टीडीएस से संबंधित लॉगिन आईडी व पासवर्ड अपने पास रोककर रखने का भी आरोप है। शिकायतकर्ता का दावा है कि इन कथित गतिविधियों के कारण संस्था को करीब 4,38,100 रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ। इसके साथ ही संस्था की व्यावसायिक प्रतिष्ठा को भी नुकसान पहुंचा। मामले में वित्तीय धोखाधड़ी, दस्तावेजों की जालसाजी और जबरन वसूली समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। फिलहाल बहूबाजार थाने की पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस हिरासत के दौरान आरोपित से कथित फर्जी रसीदों, डिजिटल सिग्नेचर के इस्तेमाल और टीडीएस लॉगिन से जुड़े पहलुओं पर पूछताछ की जाएगी।