

सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : बंगाल नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (BNCCI) ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, पश्चिम बंगाल सरकार के सहयोग से चैंबर ने झाड़ग्राम जिले को गोद लेकर उसके समग्र आर्थिक विकास में भागीदारी की घोषणा की।
इस संबंध में कोलकाता स्थित चैंबर परिसर में ‘रूरल बंगाल इन फोकस : ए न्यू रोडमैप फॉर इकोनॉमिक ट्रांसफॉर्मेशन’ विषय पर परिचर्चा आयोजित हुई। कार्यक्रम में राज्य के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री दिलीप घोष, नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक पी.के. भारद्वाज, एसएलबीसी के मुख्य संयोजक बलबीर सिंह, बीएनसीसीआई के अध्यक्ष (प्रभारी) ऋत्विक दास और टेक्नो इंडिया ग्रुप के सह-संस्थापक एवं प्रबंध निदेशक तथा सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति सत्यम रॉय चौधरी उपस्थित रहे।
मंत्री दिलीप घोष ने पहल का स्वागत करते हुए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। बीएनसीसीआई ग्रामीण उत्पादकों को ऋण, बाजार, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए बैंकिंग संस्थानों एवं उद्योग जगत को जोड़ेगा। इसके तहत स्वयं सहायता समूहों (SHG), किसान उत्पादक संगठनों (FPO) और ग्रामीण उद्यमों को विशेष सहायता दी जाएगी।