

सन्मार्ग संवाददाता
सुंदरबन : भारत की सबसे बड़ी निजी क्षेत्र की गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (एनबीएफसी) में से एक और बजाज फिनसर्व का हिस्सा बजाज फाइनेंस लिमिटेड ने पश्चिम बंगाल के सुंदरबन क्षेत्र स्थित मैपीठ बैकुंठपुर ग्राम पंचायत में अपना वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम ‘अर्थसूत्र संवाद’ आयोजित किया।
इस वित्तीय जागरूकता एवं धोखाधड़ी से बचाव संबंधी कार्यक्रम में मैपीठ कोस्टल पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) श्री जाहिद आफ्टर मंडल, सब-इंस्पेक्टर श्री त्रिदीप महतो तथा मैपीठ बैकुंठपुर ग्राम पंचायत की प्रधान श्रीमती ज्योत्स्ना हलदर शामिल हुए। इस अवसर पर स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी बड़ी संख्या में महिलाएं एवं स्थानीय ग्रामीण भी मौजूद थे।
ग्रामीण भारत में वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बजाज फाइनेंस ने अपनी देशव्यापी वित्तीय जागरूकता पहल के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के वित्तीय साक्षरता अभियान के अनुरूप इस कार्यक्रम में लोगों को सही वित्तीय आदतों, पैसों के बेहतर प्रबंधन, डिजिटल सुरक्षा और वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के तरीकों की जानकारी दी गई।
इस सत्र के दौरान बजाज फाइनेंस के प्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों को बचत, बजट बनाने, सोच-समझकर कर्ज लेने और समय पर लोन चुकाने के महत्व के बारे में बताया। साथ ही सुरक्षित डिजिटल लेन-देन के तरीकों की जानकारी दी गई। उन्होंने समझाया कि सही तरीके से बजट बनाने से जीवन की गुणवत्ता बेहतर हो सकती है और भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाया जा सकता है। इसके अलावा, जरूरत के समय आर्थिक सुरक्षा देने में बीमा की भूमिका के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर धोखाधड़ी के अलग-अलग तरीकों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। इसमें फर्जी निवेश योजनाएं, संदिग्ध लिंक, खतरनाक APK फाइलें, व्हाट्सऐप के जरिए होने वाली ठगी और डिजिटल अरेस्ट जैसे मामले शामिल थे। लोगों को बताया गया कि किसी भी तरह की साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
इसके साथ ही प्रतिभागियों को दूरसंचार विभाग (DoT) की नागरिक-केंद्रित पहल ‘संचार साथी’ पोर्टल के बारे में भी जानकारी दी गई। लोगों को इस पोर्टल का इस्तेमाल खोए या चोरी हुए मोबाइल फोन की शिकायत दर्ज कराने, अपने नाम पर जारी अनजान मोबाइल कनेक्शन की जानकारी प्राप्त करने और दूरसंचार से जुड़ी धोखाधड़ी से बचने के लिए करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
बजाज फाइनेंस लिमिटेड की ओर से आयोजित इस वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम में डिजिटल सुरक्षा की आवश्यकता पर जोर देते हुए मैपीठ कोस्टल पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी (ओसी) श्री जाहिद आफ्तर मंडल ने साइबर अपराध के नए तरीकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस तरह साइबर ठग अलग-अलग तरीकों से आम लोगों को अपना निशाना बना रहे हैं। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट और व्हाट्सऐप के जरिए होने वाली ठगी के बारे में भी लोगों को जागरूक किया। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान और अप्रमाणित विक्रेताओं से ऑनलाइन सामान खरीदने से बचने की सलाह दी, क्योंकि ऐसे लेन-देन में धोखाधड़ी का खतरा हो सकता है।साइबर अपराध से बचने के कई उपाय बताते हुए उन्होंने कहा, “साइबर अपराध से मुकाबला करने में जन जागरूकता की अहम भूमिका है।”
मैपीठ कोस्टल पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर श्री त्रिदीप महतो ने भी हाल के दिनों में साइबर ठगों द्वारा अपनाए जा रहे अलग-अलग तरीकों को आसान भाषा में समझाया। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि किसी भी तरह की वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। उन्होंने समय रहते शिकायत दर्ज कराने के महत्व पर भी जोर दिया, ताकि जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा, उन्होंने लोगों से स्मार्टफोन का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करने की अपील की। उन्होंने व्हाट्सऐप पर चलाए जा रहे फर्जी निवेश समूहों, खतरनाक APK फाइलों और अनजान लिंक से सावधान रहने की सलाह दी।
मैपीठ बैकुंठपुर ग्राम पंचायत की प्रधान श्रीमती ज्योत्स्ना हलदर ने स्थानीय निवासियों से अपील की कि किसी भी समस्या या जरूरत के समय वे उनसे या पंचायत के किसी भी सदस्य से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “वित्तीय साक्षरता का मतलब केवल पैसों की जानकारी होना नहीं है, बल्कि अपने आर्थिक भविष्य के प्रति भरोसा और सुरक्षा की भावना विकसित करना भी है।” उन्होंने ग्रामीण समुदाय को जागरूक और सशक्त बनाने के लिए इस तरह की पहल आयोजित करने पर आभार भी जताया।
‘अर्थसूत्र संवाद’ बजाज फाइनेंस की एक प्रमुख वित्तीय जागरूकता पहल है। इसका उद्देश्य ग्रामीण भारत में समुदाय के स्तर पर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को वित्तीय मामलों की व्यावहारिक जानकारी देना और उन्हें सोच-समझकर सही आर्थिक फैसले लेने के लिए प्रोत्साहित करना है।