

कोलकाता : सामाजिक सेवा के क्षेत्र में 75 वर्षों से सक्रिय नागरिक स्वास्थ्य संघ ने प्रकाश पारख चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से 54 जरूरतमंद नागरिकों का मोतियाबिंद ऑपरेशन कराया। इस सेवा अभियान में प्रकाश पारख, रोहित पारख और मोहित पारख परिवार की ओर से सभी मरीजों को कंबल वितरित कर उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की गई।
वहीं, नागरिक स्वास्थ्य संघ के सचिव विकास चंद चांडक, गोवर्धन मूंधड़ा, विजय बागड़ी, हरि प्रकाश सोनी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने मरीजों को आवश्यक दवाइयां और चश्मे प्रदान किए।
विकास चंद चांडक ने बताया कि संघ के अध्यक्ष कुंजबिहारी अग्रवाल तथा उपाध्यक्ष विनोद गुप्ता और इन्द्र कुमार डागा के मार्गदर्शन में संघ नेत्रालय को आधुनिक नेत्र अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां अत्याधुनिक ओसीटी, लेजर एवं फेको मशीन, ऑटो रिफ्रेक्टोमीटर और नॉन-कॉन्टैक्ट टोनोमेट्री जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि संघ के कार्यकर्ता सेवा गतिविधियों को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ा रहे हैं। संस्था का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है।