एयरपोर्ट अथॉरिटी के कर्मचारियों के लिए सर्वाइकल कैंसर जांच शिविर का आयोजन

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान के अंतर्गत आयोजित हुआ विशेष कैंप
एयरपोर्ट अथॉरिटी के कर्मचारियों के लिए सर्वाइकल कैंसर जांच शिविर का आयोजन
Published on

कोलकाता : "स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार" अभियान के अंतर्गत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), कल्याणी द्वारा एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया - कोलकाता की महिला कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय सर्वाइकल कैंसर जांच शिविर का आयोजन 23 और 24 सितंबर को किया गया। यह शिविर महिला स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा प्रारंभिक स्तर पर कैंसर की पहचान कर समय रहते उपचार सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम था।

इस विशेष कैंप का उद्घाटन भारत सरकार के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय की डॉ. सुनीता शर्मा द्वारा किया गया। उनके साथ उप महानिदेशक डॉ. तनु जैन भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने शिविर में भाग लेने वाली महिलाओं से संवाद किया और उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया।

शिविर का उद्देश्य

सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में पाए जाने वाले प्रमुख कैंसर में से एक है, जो समय रहते जाँच और उपचार से पूरी तरह से रोका जा सकता है। इस कैंप का उद्देश्य न केवल महिलाओं की जांच करना था, बल्कि उन्हें इस बीमारी के लक्षण, रोकथाम, और टीकाकरण जैसी जानकारियों से अवगत कराना भी था। शिविर में एम्स - कल्याणी की विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने निःशुल्क जांच सेवाएं प्रदान कीं। साथ ही, महिलाओं को पैप स्मीयर परीक्षण और HPV संक्रमण से संबंधित जानकारी भी दी गई। जांच के बाद प्रत्येक प्रतिभागी को उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार आवश्यक परामर्श भी प्रदान किया गया।

महिला कर्मचारियों में जागरूकता

शिविर में AAI-कोलकाता की सैकड़ों महिला कर्मचारियों ने भाग लिया। कई महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि व्यस्त कार्यशैली के चलते वे अक्सर अपनी स्वास्थ्य जांच को नजरअंदाज कर देती हैं, और ऐसे शिविर उन्हें समय पर जांच और सही सलाह प्राप्त करने का अवसर देते हैं। डॉ. सुनीता शर्मा ने अपने संबोधन में कहा, “आज की नारी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही है, लेकिन जब तक वह स्वयं स्वस्थ नहीं होगी, तब तक समाज और परिवार की मजबूती अधूरी रहेगी। ऐसे प्रयास महिलाओं को न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाते हैं, बल्कि मानसिक रूप से भी सशक्त करते हैं।” वहीं डॉ. तनु जैन ने महिलाओं से अपील की कि वे नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य जांच करवाएं और सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति सजग रहें।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in