पत्नी-बेटों के बाद अब मदन को ईडी ने किया तलब

पालिका नियुक्ति घोटाले में 29 जुलाई को बुलाया
मदन मित्रा
मदन मित्रा
Published on

कोलकाता : प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पालिका नियुक्ति घोटाले की जांच के सिलसिले में कमरहट्टी के विधायक मदन मित्रा को समन जारी किया है। जांच एजेंसी ने उन्हें 29 जुलाई को कोलकाता स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ के लिए उपस्थित होने का निर्देश दिया है। इससे पहले इसी मामले में ईडी उनकी पत्नी और दोनों बेटों को भी तलब कर चुकी है। उन्हें भी इसी सप्ताह जांच एजेंसी के सामने पेश होना है।

यह कार्रवाई पालिका भर्ती प्रक्रिया में कथित वित्तीय अनियमितताओं और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों की जांच के तहत की जा रही है। जून महीने में ईडी ने कोलकाता और आसपास के सात ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी। इनमें मदन मित्रा के भवानीपुर और कालीघाट स्थित आवास भी शामिल थे। इसके अलावा दक्षिणेश्वर, संतोषपुर, जोका और बेलघरिया स्थित परिसरों में भी तलाशी अभियान चलाया गया था। जांच के दौरान कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए थे, जिनकी जांच अभी जारी है।

इससे पहले पिछले वर्ष अक्टूबर में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भी इसी मामले में मदन मित्रा के आवास पर करीब पांच घंटे तक तलाशी अभियान चलाया था। उस समय भी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच की गई थी।

हाल के दिनों में ईडी द्वारा परिवार के सदस्यों को समन भेजे जाने के बाद मदन मित्रा ने राजनीतिक रूप से बड़ा कदम उठाते हुए ऋतब्रत बनर्जी गुट का दामन थाम लिया। ऐसे में ईडी की यह ताजा कार्रवाई राजनीतिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गई है। हालांकि, जांच एजेंसियों की ओर से यह स्पष्ट किया गया है कि कार्रवाई पूरी तरह जांच के आधार पर की जा रही है और मामले की पड़ताल जारी है।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in