19 जून को स्पीकर ओम बिरला से मिल सकते हैं अभिषेक बनर्जी

बागी सांसदों के मुद्दे पर हो सकती है चर्चा
File Photo
File Photo
Published on

कोलकाता : लोकसभा में तृणमूल कांग्रेस (ममता बनर्जी गुट) के नेता और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी 19 जून, शुक्रवार को दिल्ली में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, स्पीकर कार्यालय ने उन्हें शाम 5 बजे अपना पक्ष रखने के लिए समय दिया है। इस संबंध में बुधवार की शाम अभिषेक बनर्जी को ई-मेल भेजा गया।

यह संभावित मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब तृणमूल कांग्रेस के संसदीय दल में असंतोष चरम पर है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि अभिषेक बनर्जी ने स्वयं स्पीकर से मिलने का समय मांगा था, ताकि किसी भी संभावित निर्णय से पहले तृणमूल कांग्रेस का आधिकारिक पक्ष रखा जा सके। उनके अनुरोध वाला पत्र सांसद कीर्ति आजाद और सागरिका घोष ने स्पीकर तक पहुंचाया था।

इससे पहले 15 जून को भी स्पीकर ने अभिषेक को मुलाकात का समय दिया था, लेकिन उस दिन वह कोलकाता में ईडी की पूछताछ में शामिल होने के कारण दिल्ली नहीं जा सके। बाद में पार्टी की ओर से नई तारीख देने का अनुरोध किया गया था। अब 19 जून की यह बैठक तृणमूल कांग्रेस के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

राजनीतिक हलकों में उम्मीद की जा रही है कि यदि कोई अप्रत्याशित परिस्थिति उत्पन्न नहीं होती है, तो अभिषेक बनर्जी स्पीकर के समक्ष पार्टी की एकता, संसदीय मान्यता और बागी सांसदों से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से अपना पक्ष रखेंगे।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in