''अभी खत्म नहीं हुआ हूं'', अमेरिका से अभिषेक ने भरी हुंकार
आंख के इलाज के बीच इंस्टाग्राम पोस्ट से सियासी हलकों में चर्चा
अभिषेक के पोस्ट में दर्द, संघर्ष और सियासत का संकेत
प्रसेनजीत, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता :
आंखों के इलाज के लिए अमेरिका गए तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक हलकों में चर्चा का बाजार गर्म कर दिया है। इंस्टाग्राम स्टोरी में आंख की तस्वीर साझा करते हुए उन्होंने लिखा, ‘यह निशान बताता है कि मैं किस परिस्थिति से गुजर रहा हूं।’ इसके बाद उन्होंने लिखा, ‘यह आंख बता रही है कि मैं अभी खत्म नहीं हुआ हूं।’
सुप्रीम कोर्ट की अनुमति के बाद अभिषेक 4 सितंबर को अमेरिका पहुंचे थे। जॉन्स हॉपकिंस अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। सूत्रों के अनुसार, उन्हें लंबे लेख पढ़ने में परेशानी हो रही थी। एक पैराग्राफ पढ़ने के बाद उनकी नजर बीच का पैराग्राफ छोड़कर अगले पैराग्राफ पर चली जाती थी। 2016 की सड़क दुर्घटना के बाद उनकी आंखों में कई सर्जरी हो चुकी हैं।
दिलचस्प यह है कि इलाज के बीच उनकी राजनीतिक और कानूनी चुनौतियां भी जारी हैं। सालबनी जमीन मामले में उनके निजी सहायक सुमित राय की गिरफ्तारी, उनके खिलाफ चल रहे विभिन्न मामलों की जांच और तृणमूल के नाम-प्रतीक को लेकर कालीघाट व ऋतब्रत खेमे के बीच जारी विवाद ने राजनीतिक माहौल को गर्म रखा है।
विदेश यात्रा के लिए पहले हाई कोर्ट से राहत नहीं मिलने के बाद अभिषेक सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। शीर्ष अदालत ने कहा था कि केवल लंबित मामलों के आधार पर किसी व्यक्ति को विदेश में इलाज कराने से नहीं रोका जा सकता और तीन सप्ताह की विदेश यात्रा की अनुमति दी थी। ऐसे समय में ‘अभी खत्म नहीं हुआ हूं’ वाला संदेश उनके समर्थकों के बीच राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

