छेड़खानी के विरोध में न्यू अलीपुर थाने पर धावा, पुलिस से भिड़ी भीड़, पांच गिरफ्तार

दुर्गापुर ब्रिज के नीचे युवती से छेड़छाड़ के बाद भड़का आक्रोश
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on: 

40-50 लोगों ने थाने में घुसकर की तोड़फोड़ और मारपीट की कोशिश

हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

कोलकाता : दक्षिण कोलकाता के न्यू अलीपुर इलाके में युवती से छेड़खानी की घटना के बाद जमकर हंगामा हुआ। दुर्गापुर ब्रिज के नीचे हुई इस घटना के विरोध में 40-50 लोगों की भीड़ न्यू अलीपुर थाने पहुंच गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि भीड़ ने थाने में घुसकर पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। पुलिस ने छेड़खानी के मुख्य आरोपी समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस से मारपीट के आरोप में गिरफ्तार अभियुक्तों में एक वकील भी शामिल है। अभियुक्तों के नाम सायंतन सोम, लक्की पांडे, स्वरूप दास और सौरव मल्लिक हैं।

ब्रिज के नीचे युवती से छेड़छाड़, एक आरोपी गिरफ्तार

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना 10 नवंबर की देर रात करीब 12:15 बजे की है। दुर्गापुर कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय युवती रिया दास दुर्गापुर ब्रिज से होकर घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से आए तीन युवकों ने कथित तौर पर उसके साथ छेड़खानी की। युवती के शोर मचाने पर उसका भाई मौके पर पहुंचा। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर रात करीब 12:55 बजे न्यू अलीपुर थाने की गश्ती टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की पहचान जय कुमार कामत के रूप में की और उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची। पीड़िता को भी शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने बुलाया गया।

थाने के भीतर घुसी भीड़, पुलिसकर्मियों से हाथापाई

कुछ देर बाद पीड़िता के साथ करीब 40 से 50 लोग थाने पहुंच गए। पुलिस अधिकारियों ने भीड़ को परिसर से बाहर रहने का निर्देश दिया और पीड़िता को उसके माता-पिता के साथ शिकायत लिखवाने के लिए थाने के कार्यालय में भेज दिया। इसी दौरान बाहर मौजूद भीड़ अचानक उग्र हो गई और जबरन थाना परिसर में घुस गई। आरोप है कि लोगों ने मुख्य द्वार पर तैनात संतरी समेत अन्य पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की। अचानक हुए इस हंगामे से थाने में अफरातफरी मच गई।

लाठीचार्ज में कई पुलिसकर्मी घायल, पीड़िता के पिता को भी चोट

स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस और उपद्रवियों के बीच हुई झड़प में कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं। इसी दौरान भीड़ के बीच गिरने से पीड़िता के पिता संदीप दास भी घायल हो गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मौके से चार लोगों को हिरासत में ले लिया।

दो मामले दर्ज, पांच आरोपी गिरफ्तार

घटना को लेकर न्यू अलीपुर थाने में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं। पहला मामला पीड़िता रिया दास की लिखित शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। केस संख्या 225/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 74, 75(1)(i), 78 और 54 लगाई गई हैं। इस मामले में मुख्य आरोपी जय कुमार कामत (पिता अमित चंद कामत) को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, थाने में घुसकर पुलिसकर्मियों पर हमला करने और सरकारी कामकाज में बाधा डालने के आरोप में सब-इंस्पेक्टर राहुल अधिकारी की शिकायत पर दूसरा मामला दर्ज हुआ है। केस संख्या 226/2026 के तहत बीएनएस की धारा 189(2), 190, 191(2), 195, 132 और 121(1) लगाई गई हैं

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News