

कोलकाता : पश्चिम बंगाल सरकार के उपभोक्ता संरक्षण विभाग की ओर से उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उपभोक्ता अधिकार संरक्षण सप्ताह के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन बेहाला बाजार के पुराने बाजार से सटे क्षेत्र में डायमंड हार्बर रोड पर किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कलाकारों तथा विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी रही। समारोह में दक्षिण 24 परगना जिलाधिकारी अभिषेक कुमार तिवारी, बेहाला पूर्व के विधायक शंकर शिकदार तथा प्रसिद्ध संगीत कलाकार लोपा मुद्रा मित्र प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों, खरीदारी के समय बरती जाने वाली सावधानियों तथा किसी प्रकार की धोखाधड़ी या शिकायत की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी गई। पश्चिम बंगाल सरकार के उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी कार्यक्रम में सक्रिय रूप से शामिल हुए। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी वस्तु या सेवा की खरीदारी करते समय बिल अवश्य लें और उत्पाद की गुणवत्ता, कीमत, पैकेजिंग तथा आवश्यक विवरणों की जांच करें। कार्यक्रम को रोचक और जनसुलभ बनाने के लिए गीत एवं नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उपभोक्ता जागरूकता और अधिकारों का संदेश दिया। आयोजकों का कहना है कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रमों का उद्देश्य आम लोगों को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना और उपभोक्ता हितों की रक्षा को मजबूत करना है।