झारखंड में माओवादियों का आंतक : मोबाइल टॉवर में लगा दी आग, चिपका दिए पोस्टर

कुछ ही दिनों में हुई यह दूसरी घटना
सारंडा में माओवादियों ने मोबाइल टॉवर में लगाई आग
सारंडा में माओवादियों ने मोबाइल टॉवर में लगाई आग
Published on: 

चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र में मंगलवार तड़के प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) ने कथित तौर पर एक निजी दूरसंचार कंपनी के मोबाइल टॉवर को आग लगा दी। ग्रामीणों ने दावा किया कि मोबाइल टॉवर के उपकरणों में रात भर विस्फोट होता रहा।

पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि सोमवार देर रात और मंगलवार तड़के के बीच माओवादियों के एक समूह ने छोटा नगरा पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत बहदा गांव में एक मोबाइल टॉवर को आग लगा दी और पोस्टर चिपका दिए।

पुलिस अधिकारी ने कहा, कुछ ही दिनों में हुई यह दूसरी घटना वामपंथी उग्रवादियों के खिलाफ लगातार जारी तलाश अभियान के कारण उनकी हताशा को दर्शाती है। पोस्टरों में भी उन्होंने पुलिस कार्रवाई रोकने की मांग की है। हम अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर और भी जोरदार तरीके से अभियान जारी रखेंगे।

इससे पहले माओवादियों के एक समूह ने शनिवार आधी रात को जराइकेला थाना क्षेत्र के सारंडा जंगल में एक निजी दूरसंचार कंपनी के मोबाइल टॉवर को आग लगा दी थी।

ग्रामीणों के अनुसार, लगभग एक दर्जन हथियारबंद माओवादी आधी रात के बाद अचानक गांव में आ गए और उन्होंने पहले तो ग्रामीणों को घरों के अंदर रहने की चेतावनी दी, फिर टॉवर के पैनल और बैटरी उपकरणों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

माओवादियों ने घटनास्थल पर कई पोस्टर भी छोड़े हैं जिनमें उन्होंने अपने मारे गए साथियों का बदला लेने की धमकी दी है। पोस्टरों में पुलिस कार्रवाई के विरोध में आठ से 14 अक्टूबर तक ‘प्रतिशोध सप्ताह’ मनाने और 15 अक्टूबर को झारखंड, बिहार, उत्तरी छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और असम में बंद का आह्वान किया गया है।

मनोहरपुर के पुलिस उपाधीक्षक जयदीप लाकड़ा ने कहा कि मोबाइल टॉवरों को इस तरह निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में विद्रोहियों के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा, मोबाइल कनेक्टिविटी खासकर जंगली इलाकों में ग्रामीणों के लिए आपात स्थिति में बेहद महत्वपूर्ण है। माओवादियों की इस तरह की हताशा भरी हरकतों से ग्रामीणों में विद्रोहियों के प्रति गुस्सा बढ़ रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in