

रामगढ़ : जिस घर में पत्नी की सरकारी नौकरी मिलने की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। जिस सफलता का जश्न मनाने पूरा परिवार मां छिन्नमस्तिके के दरबार में माथा टेकने जा रहा था, उसी सफर ने परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। झारखंड के रामगढ़ में हुए भीषण सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। इस दर्दनाक दुर्घटना में एक ही परिवार के छह सदस्यों समेत कुल 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है।
हादसा रविवार रामगढ़ जिले में एनएच-33 रांची-पटना हाईवे पर कुजू ओपी क्षेत्र के पैंकी के पास हुआ। नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जांघरो गांव निवासी विवेकानंद अपनी पत्नी अमृता कुमारी, तीन बच्चों और मां के साथ रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिके मंदिर जा रहे थे। विवेकानंद मां सरस्वती विद्या मंदिर के संचालक हैं। हाल ही में उनकी पत्नी अमृता कुमारी का बिहार में शिक्षिका के पद पर चयन हुआ था। इसी खुशी में पूरा परिवार मंदिर में पूजा-अर्चना करने निकला था। इस यात्रा में उनके रिश्तेदार भी शामिल थे। किसी ने नहीं सोचा था कि जिस सफर की शुरुआत खुशियों और आस्था के साथ हुई थी, उसका अंत इतने बड़े हादसे और कभी न भरने वाले दुख के साथ होगा। जिस घर में बधाइयां गूंजनी थीं, वहां अब अपनों को खोने का दर्द रह गया है।
- पत्नी के शिक्षिका बनने की खुशी में मां छिन्नमस्तिके मंदिर जा रहा था परिवार
- रामगढ़ में NH-33 पर भीषण सड़क हादसा, एक ही परिवार के छह लोगों की मौत
- हादसे में कुल 13 की गई जान, एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल
- नालंदा के जांघरो गांव के विवेकानंद का परिवार उजड़ा, खुशियां मातम में बदलीं