झारखंड : किसान के घर घुसा रॉयल बंगाल टाइगर, वन अधिकारियों ने पकड़ा

घटना सिल्ली प्रखंड के मरदु गांव में घटी
पलामू टाइगर रिजर्व से एक बचाव दल मौके पर पहुंचा
पलामू टाइगर रिजर्व से एक बचाव दल मौके पर पहुंचा
Published on

रांची : झारखंड के रांची जिले के एक गांव में बुधवार को एक वयस्क बाघ (रॉयल बंगाल टाइगर) एक किसान के घर में घुस गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई, हालांकि बाद में वन अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया। यह घटना झारखंड की राजधानी रांची से लगभग 65 किलोमीटर दूर मुरी पुलिस चौकी के अधिकार क्षेत्र में सिल्ली प्रखंड के मरदु गांव में घटी।

रांची के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) श्रीकांत वर्मा ने बताया, बाघ सुबह करीब पांच बजे पूरन चंद महतो के घर में घुस गया। वर्मा ने बताया कि जब किसान ने बाघ को घर के एक कमरे में घुसते देखा तो उन्होंने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। उन्होंने बताया कि जब बाघ घर में घुसा तो करीब आठ साल की दो बच्चियां भी घर के अंदर थीं, लेकिन उन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) से एक बचाव दल मौके पर पहुंचा और बचाव अभियान शुरू कर कर सफलतापूर्वक बाघ को पकड़ लिया। पिंजरे में बंद करने के बाद उसे बेहोश कर दिया गया। उसे एक वाहन में लादकर रांची के बिरसा जैविक उद्यान ले जाया जाएगा, जहां उसे निगरानी में रखा जाएगा। हालांकि, बाघ को मुक्त करने का निर्णय बाद में लिया जाएगा।

logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in