

रांची : झारखंड में छठ पूजा के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए लाखों श्रद्धालु नदियों, तालाबों और विभिन्न जलाशयों के तटों पर उमड़ पड़े। पूजा सामग्री से भरी बांस की टोकरियां (दउरा), गन्ने और केले की घौद लेकर श्रद्धालु सुबह-सुबह घाटों पर पहुंचे और उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।
नदियों और तालाबों की ओर जाने वाले रास्तों पर भक्ति गीत बजाए गए और पटाखे भी फोड़े गए। राज्य भर में छठ का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और सुबह साढ़े आठ बजे तक किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रविवार शाम रांची के बड़ा तालाब और हटनिया तालाब पर श्रद्धालुओं के साथ अस्ताचल सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने सूर्य मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष आदित्य साहू ने रांची के ओरमांझी में छठ पूजा में भाग लिया, जहां उन्होंने अस्ताचल सूर्य की पूजा की और लोगों की खुशी, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की।
चार दिवसीय यह पर्व 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ। हिंदू पंचांग के अनुसार यह दिवाली के छह दिन बाद कार्तिक शुक्ल पक्ष के छठे दिन मनाया जाता है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि झारखंड में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। रांची, धनबाद और जमशेदपुर समेत प्रमुख शहरों में अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की गई।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम भी तैनात की गई थी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य भर में तालाबों, बांधों, झीलों और जलाशयों की सफाई और रोशनी की व्यवस्था करने के साथ जगह जगह अवरोधक भी लगाए थे।