सोनिया गांधी की किताब पर प्रियंका बोलीं- 'सच बताने का अधिकार है

सोनिया गांधी की किताब पर विवाद के बीच प्रियंका गांधी का BJP पर पलटवार, बोलीं- मां को अपनी कहानी बताने का पूरा अधिकार
सोनिया गांधी की किताब पर प्रियंका बोलीं- 'सच बताने का अधिकार है
Published on: 

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की हाल ही में जारी हुई संस्मरण पुस्तक 'Belonging: A Journey of Love' को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) की आलोचनाओं के बीच कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को अपनी मां का बचाव करते हुए कहा कि सोनिया गांधी को अपनी कहानी और अपना सच बताने का पूरा अधिकार है।

केरल के वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने कहा कि लंबे समय से भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और अन्य लोगों ने उनकी मां के बारे में झूठी बातें और मनगढ़ंत कहानियां फैलाई हैं। अब जब सोनिया गांधी अपनी बात रख रही हैं, तो उन्हें इसका अधिकार है। उन्होंने कहा कि उनकी मां ने वर्षों तक इन आरोपों पर चुप्पी बनाए रखी, लेकिन अब उन्होंने अपनी कहानी खुद बताने का फैसला किया है।

भाजपा की प्रतिक्रिया पर सवाल पूछे जाने पर प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी मां लंबे समय से झूठे आरोपों का सामना कर रही हैं। अब जब वह अपना पक्ष रख रही हैं, तो विरोधी दल इसे गलत बताने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्हें खुशी है कि भाजपा के नेता भी उनकी मां की किताब पढ़ रहे हैं।

दरअसल, भाजपा ने मंगलवार को सोनिया गांधी की किताब पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि उन्होंने 1975 में लगाए गए आपातकाल को सही ठहराने और 1984 के सिख विरोधी दंगों के मामले में अपने दिवंगत पति एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को क्लीन चिट देने की कोशिश की है। भाजपा ने तंज कसते हुए कहा था कि इस पुस्तक का नाम 'Belonging' के बजाय 'Whitewashing' होना चाहिए था।

भाजपा ने यह आरोप भी लगाया कि सोनिया गांधी की किताब उनके राजनीतिक दृष्टिकोण और वास्तविक चेहरे को उजागर करती है। पार्टी ने उनके बयानों को लेकर कई राजनीतिक सवाल उठाए। इन आरोपों के बाद पुस्तक को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि उनकी मां ने पुस्तक में वही बातें रखी हैं, जिन्हें वह स्पष्ट करना चाहती थीं। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति का अपना नजरिया और अपनी कहानी होती है। सोनिया गांधी ने भी अपनी बात पुस्तक के माध्यम से सामने रखी है। मंगलवार को जारी हुई इस किताब को लेकर राजनीतिक हलकों में सकारात्मक और नकारात्मक, दोनों तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News