उपराष्ट्रपति करेंगे 5वें काशी तमिल संगमम का उद्घाटन

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को करेंगे काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण का उद्घाटन
उपराष्ट्रपति करेंगे 5वें काशी तमिल संगमम का उद्घाटन
Published on: 

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को वाराणसी में सांस्कृतिक और शैक्षणिक आदान-प्रदान कार्यक्रम ‘काशी तमिल संगमम’ के पांचवें संस्करण का उद्घाटन करेंगे। शिक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कार्यक्रम के समापन सत्र में शामिल होंगे।

मंत्रालय के मुताबिक, इस आयोजन में 1,400 से अधिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य तमिलनाडु और काशी के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, भाषाई और सभ्यतागत संबंधों का उत्सव मनाना और उन्हें और मजबूत करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना से प्रेरित यह पहल ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को बढ़ावा देने के लिए शुरू की गई है।

इस वर्ष के आयोजन का विषय ‘तिरुक्कुरल पयिलोम’ रखा गया है, जिसका अर्थ है ‘आइए, तिरुक्कुरल सीखें’। कार्यक्रम में तमिल साहित्य की सबसे प्रसिद्ध कृतियों में शामिल तिरुक्कुरल की कालजयी शिक्षाओं, नैतिक मूल्यों और ज्ञान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। यह आयोजन 12 दिसंबर को संपन्न होगा।

काशी तमिल संगमम के चौथे संस्करण का विषय ‘तमिल कर्कलाम’ यानी ‘आइए, तमिल सीखें’ था। तीसरे संस्करण में महर्षि अगस्त्य के योगदान पर ध्यान केंद्रित किया गया था, जबकि दूसरे संस्करण में भाषणों का लाइव अनुवाद किया गया था। पहले संस्करण में आठ दिनों तक विरासत स्थलों के भ्रमण का आयोजन हुआ था।

काशी तमिल संगमम का पहला संस्करण 2022 में आयोजित किया गया था। पिछले चार संस्करणों के दौरान इस पहल ने काशी और तमिलनाडु के लोगों के बीच ज्ञान, भाषा, परंपराओं और जीवन अनुभवों के आदान-प्रदान के लिए मंच उपलब्ध कराया है।

इस कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा मंत्रालय, IIT मद्रास, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU), चेन्नई स्थित केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान (CICT) और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें संस्कृति, रेलवे, स्कूल शिक्षा, पर्यटन, वस्त्र, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, सूचना एवं प्रसारण तथा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भी भागीदार हैं।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News