

कीव : यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि उनका देश रूस के साथ मौजूदा युद्ध मोर्चे पर युद्धविराम के लिए तैयार है, ताकि मॉस्को के साथ कूटनीतिक बातचीत का रास्ता खुल सके। कतर के सरकारी मीडिया संस्थान अल जजीरा को 29 नवंबर को दिए साक्षात्कार में उन्होंने कहा कि यूक्रेन अपनी मौजूदा स्थिति पर रुकने और संपर्क रेखा पर संघर्ष समाप्त करने को तैयार है। जेलेंस्की ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का यूक्रेन से पीछे हटने का कोई इरादा नहीं दिखता। ऐसे में मौजूदा मोर्चे पर युद्धविराम यूक्रेन के लिए बड़ा समझौता होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप युद्ध समाप्त करने का ऐसा रास्ता निकालेंगे, जिसमें केवल यूक्रेन को इसकी कीमत न चुकानी पड़े। यह बयान अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में हुई शांति वार्ता के बेनतीजा रहने के कुछ सप्ताह बाद आया है। रूस डोनबास के कब्जे वाले क्षेत्रों को यूक्रेन से अलग करने की मांग कर रहा है, जिसे कीव ने खारिज कर दिया है। यूरोपीय संघ का भी कहना है कि रूस की मांगों पर चर्चा से पहले युद्धविराम जरूरी है। इस बीच, रूस ने यूक्रेन के बंदरगाहों, कारखानों और ऊर्जा ढांचे पर हमले तेज कर दिए हैं।