

इस्लामाबाद : पाकिस्तान पुलिस ने जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की दो और बहनों को सोमवार को मेंटेनेंस ऑफ पब्लिक ऑर्डर (एमपीओ) अध्यादेश के तहत 30 दिनों के लिए गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के 27 सितंबर को प्रस्तावित इस्लामाबाद मार्च से पहले हुई है। पार्टी इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन की तैयारी कर रही है। पुलिस ने एक दिन पहले इमरान की बहन अलीमा खान को भी इसी कानून के तहत हिरासत में लिया था। उन्हें कोट लखपत जेल भेजा गया था। सोमवार को पुलिस ने इमरान की बहनों डॉ. उजमा खान और नोरीन नियाजी के साथ उनके भांजों को भी 30 दिनों के लिए हिरासत में लिया और उन्हें कोट लखपत जेल भेज दिया। पीटीआई के वकील अवैस चौधरी ने बताया कि इमरान खान की तीनों बहनों को गिरफ्तार किया गया है। पीटीआई ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर गिरफ्तारी की निंदा करते हुए इसे अधिकारों का उल्लंघन और राजनीतिक प्रतिशोध बताया।