फास्ट फूड रेस्तरां में गोलीबारी में तीन लोगों की मौत, सात घायल

पुलिस को रेस्तरां के पास संदिग्ध हमलावर का मिला शव
Three killed, seven injured in shooting at Idaho fast-food restaurant
स्थिति को नियंत्रित करते पुलिस कर्मी
Published on

बोइस (अमेरिका) : अमेरिका के इडाहो राज्य में स्थित ‘ट्विन फॉल्स’ शहर में ‘इन-एन-आउट बर्गर’ रेस्तरां में शनिवार दोपहर हुई गोलीबारी में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि सात अन्य घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। ट्विन फॉल्स शहर के जनसंपर्क अधिकारी जोश पामर ने बताया कि घटनास्थल पर पहुंची पुलिस को रेस्तरां के पास संदिग्ध हमलावर का शव मिला। हालांकि, उन्होंने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि मृतकों की संख्या में हमलावर भी शामिल है या नहीं। पामर ने बताया कि अधिकारियों द्वारा अभी मृतकों और घायलों के परिजनों को सूचना दी जा रही है, इसलिए फिलहाल उनकी पहचान, उम्र या अन्य जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। जांचकर्ता अब भी प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रहे हैं। यह रेस्तरां एक व्यस्त शॉपिंग प्लाजा में स्थित है और घटना के समय दोपहर करीब दो बजे वहां सैकड़ों लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शी लेन कोहन (34) ने बताया कि वह ‘इन-एन-आउट’ रेस्तरां के पास लाल बत्ती पर रुके हुए थे, तभी उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति ‘एआर’ शैली की राइफल लेकर निकला। उसी दौरान एक अन्य व्यक्ति ने पिस्तौल से हमलावर पर गोली चलानी शुरू कर दी। उन्होंने रेस्तरां की वर्दी पहने एक कर्मचारी को अपनी सहकर्मी को पार्किंग क्षेत्र में घसीटते हुए देखा, जिसे सीने में गोली लगी थी। वह कर्मचारी, कोहन और एक पिस्तौलधारी व्यक्ति उसके साथ तब तक रहे, जब तक चिकित्साकर्मी वहां नहीं पहुंच गए।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in