

वाशिंगटन : ईरान के साथ युद्ध के बीच अमेरिका पश्चिम एशिया में करीब 9,000 अतिरिक्त सैनिक भेज रहा है। अमेरिकी अधिकारी के अनुसार, सैनिकों को जहाजों के एक समूह के जरिए क्षेत्र में भेजा जा रहा है। इसमें करीब 7,000 नौसैनिक और 2,000 मरीन शामिल हैं। यह तैनाती राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के खिलाफ आगे और हमले करने की चेतावनी के बीच हो रही है। तैनाती में तीसरा विमानवाहक पोत भी शामिल है। अमेरिकी अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इससे अक्टूबर के अंत तक क्षेत्र में तीन अमेरिकी विमानवाहक पोत हो सकते हैं। मौजूदा सैनिकों को मिलाकर पश्चिम एशिया में अमेरिकी नौसैनिकों और मरीन की संख्या 20,000 से अधिक हो सकती है।इस बीच, ट्रंप ने ईरान से जुड़े संघर्ष में आगे की कार्रवाई के संकेत दिए हैं। उन्होंने ईरान के नवीनतम युद्धविराम प्रस्ताव को यह कहते हुए खारिज किया कि वह पर्याप्त नहीं था। प्रस्ताव में होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की पेशकश भी शामिल थी।