अमेरिका ने प्रस्तावित परमाणु बिजली संयंत्र के निर्माण स्थल को बनाया निशाना

ईरान ने सभी अरब देशों पर किया जवाबी हमला
The US targeted the construction site of the proposed nuclear power plant
अमेरिकी हमले के बाद क्षतिग्रस्त पुल
Published on

दुबई : जॉर्डन में अमेरिकी सैनिकों की मौत के जवाब में अमेरिकी सेना ने रविवार को ईरान के अर्धसैनिक रिवोल्यूशनरी गार्ड को निशाना बनाकर हवाई हमले किए, जिसके बाद दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष और बढ़ गया। अमेरिका ने ईरान में पुलों, बिजली सुविधाओं और अन्य ठिकानों को निशाना बनाया है। इसके जवाब में तेहरान ने कुवैत में बिजली संयंत्रों और पानी को साफ करने वाले संयंत्रों (डिसैलिनेशन प्लांट) पर हमले किए हैं, जिससे कुवैत में दैनिक जनजीवन प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया है। ईरान ने हमले तेज करने की धमकी भी दी है, जिसके बाद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने चेतावनी जारी की। अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमान ने अपने बयान में कहा कि उसने ईरानी हवाई रक्षा ठिकानों, समुद्री क्षमताओं तथा मिसाइल और ड्रोन भंडारण स्थलों को निशाना बनाया। अमेरिकी सेना ने बताया कि जॉर्डन में एक ठिकाने पर ईरानी हमले में दो अमेरिकी सैनिक मारे गए, एक लापता है और चार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक 16 अमेरिकी सैनिक मारे जा चुके हैं और 430 से अधिक घायल हुए हैं। वहीं ईरानी अधिकारियों ने रविवार को कहा कि अमेरिका के ताजा हमलों में कम से कम 50 लोग मारे गए हैं और 517 घायल हुए हैं। ईरान ने आठ दिन से जारी अमेरिकी अभियान में अपने सैन्य नुकसान की पूरी जानकारी नहीं दी है। दोनों देश होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ईरान की परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने कहा कि रविवार सुबह अमेरिका के हमलों में दक्षिण-पश्चिमी ईरान में प्रस्तावित परमाणु बिजली संयंत्र के निर्माण स्थल को निशाना बनाया गया।

खाड़ी के सभी देशों को ईरान ने बनाया निशाना

फारस की खाड़ी के लगभग सभी अरब देशों को ईरान ने जवाबी हमलों का निशाना बनाया है। कुवैत और बहरीन ने रविवार सुबह फिर से अपनी हवाई सुरक्षा प्रणाली सक्रिय कर दी। कुवैत ने रविवार को कहा कि उसके एक बिजली बनाने और पानी साफ करने वाले संयंत्र पर दो दिनों में दूसरी बार हमला हुआ, जिससे वहां आग लग गई। कुवैत के बिजली, पानी और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि बिजली व्यवस्था अभी स्थिर है। कुवैत में करीब 90 प्रतिशत पीने का पानी समुद्र के पानी को साफ करके तैयार किया जाता है। पिछले एक सप्ताह में ईरान ने इजराइल पर हमला करने से परहेज किया है। इजराइल इस दौर की लड़ाई से दूर रहा है। ईरान ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) पर भी हमला नहीं किया है।

ईरान के एक अज्ञात अधिकारी के हवाले से कहा कि अगर ईरान की नागरिक सुविधाओं पर हमले जारी रहे तो दुबई और अबू धाबी के हवाई अड्डों तथा फुजैरा और जेबेल अली के बंदरगाहों को बख्शा नहीं जाएगा। इस धमकी के जवाब में यूएई के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि खतरनाक परिणामों से बचने और क्षेत्र को हिंसा व अस्थिरता में धकेलने से रोकने के लिए अधिकतम संयम बरतना चाहिए।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in