

एथेंस : ग्रीस की राजधानी एथेंस के पर्यटन क्षेत्र प्लाका में विस्फोट के बाद ढही दो मंजिला इमारत के मलबे से शनिवार को छह लोगों के शव बरामद किए गए। स्थानीय मीडिया के अनुसार, मृतकों में चार अमेरिकी नागरिक शामिल हैं। स्थानीय मीडिया ने बताया कि दो पुरुषों और दो महिलाओं के दस्तावेजों व निजी सामान से उनकी अमेरिकी नागरिकता की पहचान हुई। एथेंस के मेयर हारिस डूकास ने बताया कि शुक्रवार सुबह हुआ विस्फोट बड़े पैमाने पर गैस रिसाव के कारण होने की आशंका है। विस्फोट से आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा, जिसके बाद उन्हें खाली करा लिया गया। दमकल विभाग के अनुसार, राहत एवं बचाव अभियान में करीब 30 दमकलकर्मी और तीन खोजी कुत्ते लगाए गए। मलबे में तलाश पूरी कर ली गई है और विस्फोट के कारणों की जांच जारी है। घटना के बाद सड़क पर मलबा बिखर गया और कई खड़ी कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। पास की इमारत से दमकलकर्मियों ने कुछ लोगों को सुरक्षित निकाला, जिनमें सभी पर्यटक थे। लिसिक्राटस स्ट्रीट स्थित एक पड़ोसी इमारत में मौजूद दो महिलाएं भी घायल हुईं। पास के एक चर्च को भी नुकसान पहुंचा है। चर्च के पादरी ने बताया कि रविवार की प्रार्थना सभा बाहर आयोजित की जाएगी।