बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमलों से कीव में नौ लोगों की मौत

कीव के सोलोमियांस्की जिले में मलबा गिरने से पांच मंजिला रिहायशी इमारत हो गई क्षतिग्रस्त
Ukraine's capital, Kyiv, rocked by Russian ballistic missile and drone attacks; nine people killed
बिल्डिंग में लगी आग को बुझाते दमकल कर्मी
Published on

कीव : रूस ने शुक्रवार देर रात से शनिवार तड़के तक यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से भीषण हमला किया, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई और 22 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यूक्रेन की सरकारी आपातकालीन सेवा के अनुसार, कीव के सोलोमियांस्की जिले में मलबा गिरने से पांच मंजिला रिहायशी इमारत क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें आग लग गई। बचावकर्मियों ने इमारत की ऊपरी मंजिलों से 35 लोगों को सुरक्षित निकाला। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई और दो बच्चों सहित आठ लोग घायल हुए हैं। आपातकालीन सेवा ने बताया कि दारनित्स्की जिले में हमले के कारण मकानों, वाहनों, एक प्रशासनिक भवन और अन्य गैर-आवासीय इमारतों में आग लग गई तथा भारी नुकसान हुआ। इस इलाके में सात लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। राजधानी के शेवचेंकिव्स्की जिले में भी आपातकालीन कर्मियों ने एक गैर-आवासीय इमारत में लगी आग पर काबू पाया। हालांकि, जिले के महापौर द्वारा पहले दी गई इस सूचना पर कि एक अन्य रिहायशी इमारत में कुछ लोग फंसे हो सकते हैं, कोई नई जानकारी नहीं मिली है। शहर के दो अन्य जिलों में भी व्यावसायिक और रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की लगातार अमेरिका और अन्य पश्चिमी सहयोगी देशों से रूस के मिसाइल हमलों का मुकाबला करने के लिए पैट्रियट हवाई रक्षा प्रणाली की मांग कर रहे हैं। जेलेंस्की ने शुक्रवार देर रात बताया कि उनकी अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से बातचीत हुई। इस दौरान उन्होंने इस सप्ताह वाशिंगटन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई बैठक पर भी चर्चा की, जिसे उन्होंने ‘सकारात्मक और सार्थक’ बताया। जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच ‘टेलीग्राम’ पर लिखा कि हमारे देश पर रूस के हवाई हमले लगातार जारी हैं। बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए पैट्रियट प्रणाली के इंटरसेप्टर और हवाई रक्षा क्षमता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बनी हुई है।’’

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in