डॉलर के मुकाबले रुपया 60 पैसे गिरकर 92.98 पर बंद

डॉलर के मुकाबले रुपया 60 पैसे गिरकर 92.98 पर बंद, कच्चे तेल में तेजी और शेयर बाजार की कमजोरी का असर
डॉलर के मुकाबले रुपया 60 पैसे गिरकर 92.98 पर बंद
Published on: 

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में शुक्रवार को तेज गिरावट दर्ज की गई। घरेलू शेयर बाजारों में भारी बिकवाली और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच रुपया 60 पैसे टूटकर 92.98 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर बंद हुआ। इससे पिछले दिनों रुपये को मिली बढ़त काफी हद तक कम हो गई।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों के मुताबिक, मजबूत अमेरिकी डॉलर ने भी रुपये पर दबाव बनाया। हालांकि, विदेशी निवेशकों की ओर से पूंजी आने से घरेलू मुद्रा को कुछ समर्थन मिला। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 92.44 प्रति डॉलर पर खुला और कारोबार के दौरान गिरकर 93.01 के निचले स्तर तक पहुंच गया। अंत में यह 92.98 पर बंद हुआ।

गुरुवार को रुपया 18 पैसे की गिरावट के साथ 92.38 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। इससे एक दिन पहले इसमें 65 पैसे की जोरदार तेजी आई थी और यह चालू वित्त वर्ष के अब तक के सबसे मजबूत स्तर पर पहुंच गया था। पिछले सात महीनों में रुपया एशिया की सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली मुद्राओं में शामिल रहा है। 8 अक्टूबर को 96.88 प्रति डॉलर के अपने अब तक के सबसे निचले बंद स्तर से यह करीब 5 प्रतिशत उबर चुका है।

मिराए एसेट शेयरखान के रिसर्च एनालिस्ट अनुज चौधरी ने कहा कि घरेलू बाजार में तेज गिरावट और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण रुपये ने अपनी बढ़त गंवा दी। उन्होंने बताया कि सऊदी अरब में अरामको की एक सुविधा पर हूती हमले के बाद कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई। डॉलर इंडेक्स भी सुबह के निचले स्तर से उबर गया। महीने के अंत में डॉलर की बढ़ती मांग से रुपये पर और दबाव पड़ सकता है। उनके मुताबिक, डॉलर-रुपया स्पॉट भाव 92.65 से 93.20 के दायरे में कारोबार कर सकता है।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की मजबूती को मापने वाला डॉलर इंडेक्स 0.16 प्रतिशत बढ़कर 103.77 पर पहुंच गया। वैश्विक तेल बाजार का बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 0.64 प्रतिशत की तेजी के साथ 97.19 डॉलर प्रति बैरल पर था। विश्लेषकों के अनुसार, होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों को निशाना बनाए जाने की खबरों के बाद तेल की कीमतें फिर 95 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गईं। इससे आपूर्ति श्रृंखला बाधित होने की आशंका बढ़ी है।

चॉइस ब्रोकिंग की कमोडिटी टेक्निकल एनालिस्ट कावेरी मोरे ने कहा कि महंगे कच्चे तेल के कारण तेल आयातकों की डॉलर मांग बढ़ी है और महंगाई को लेकर चिंताएं भी फिर उभरी हैं। इससे रुपये पर अतिरिक्त दबाव पड़ा है। उन्होंने बताया कि नवंबर में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में रिकॉर्ड 15.16 अरब डॉलर का निवेश किया, जिससे रुपये को सहारा मिला और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) को विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ाने में मदद मिली। हालांकि, फिलहाल तेल की ऊंची कीमतें और भू-राजनीतिक अनिश्चितता बाजार की धारणा पर भारी पड़ रही हैं। तकनीकी स्तर पर डॉलर-रुपये के लिए 93.50 से 94.30 का प्रतिरोध और 92 से 91 का समर्थन क्षेत्र माना जा रहा है।

घरेलू शेयर बाजार में भी शुक्रवार को भारी गिरावट रही। सेंसेक्स 989.33 अंक यानी 1.17 प्रतिशत टूटकर 83,339.26 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 277.30 अंक यानी 1.07 प्रतिशत गिरकर 25,607.20 पर आ गया। हालांकि, एक्सचेंज के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने गुरुवार को शुद्ध आधार पर 5,843.33 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News