संजय भंडारी मामले में ईडी के समक्ष रॉबर्ट वाड्रा हुए पेश

बयान धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज होगा
रॉबर्ट वाड्रा और प्रियंका गांधी वाड्रा
रॉबर्ट वाड्रा और प्रियंका गांधी वाड्रा-
Published on: 

नयी दिल्ली : कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के पति एवं कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा ब्रिटेन में स्थित हथियार सलाहकार संजय भंडारी से जुड़े धनशोधन मामले में पूछताछ के लिए सोमवार को ईडी के समक्ष पेश हुए। सूत्रों ने बताया कि रॉबर्ट वाड्रा का बयान धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज किया जाएगा।

रॉबर्ट वाड्रा (56) को ईडी ने पिछले महीने बयान दर्ज कराने के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने विदेश यात्रा के कारण अपने समन को स्थगित करने का अनुरोध किया था। ईडी तीन अलग-अलग धनशोधन मामलों में वाड्रा से पूछताछ कर रही है, जिनमें से एक मामला यह भी है। अन्य दो मामले जमीन सौदों में कथित अनियमितताओं से संबंधित हैं। दिल्ली आयकर विभाग ने 63 वर्षीय भंडारी के खिलाफ छापे मारे थे, जिसके तुरंत बाद 2016 में वह लंदन भाग गया। दिल्ली की एक अदालत ने उसे हाल में भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया है। ब्रिटेन की एक अदालत ने पिछले महीने भारत सरकार के उस आवेदन को अस्वीकार कर दिया था, जिसमें उसने भंडारी के खिलाफ प्रत्यर्पण मामले में उसे बरी किए जाने के खिलाफ ब्रिटेन के सुप्रीम कोर्ट में अपील करने की अनुमति मांगी थी। इस आवेदन के साथ ही उसे कानून का सामना करने के लिए भारत लाए जाने की संभावना लगभग समाप्त हो गयी थी। ईडी ने इस मामले में 2023 में एक आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें आरोप लगाया गया था कि भंडारी ने 2009 में लंदन स्थित 12, ब्रायनस्टन स्क्वायर में घर ‘खरीदा’ था और ‘वाड्रा के निर्देशों के अनुसार’ इसकी मरम्मत करायी थी और ‘मरम्मत के लिए धन रॉबर्ट वाड्रा द्वारा दिया गया था।’ वाड्रा ने इस बात से इनकार किया है कि उनके पास प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लंदन में कोई संपत्ति है। इन आरोपों को अपने खिलाफ राजनीतिक षड्यंत्र करार देते हुए उन्होंने कहा कि राजनीतिक उद्देश्यों की पूर्ति के लिए उन्हें ‘परेशान’ किया जा रहा है।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in