राहुल गांधी के परिवार और कांग्रेस का कैलेंडर ‘सरेंडर’ से भरा है : भाजपा

सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने दिया बयान
राहुल गांधी के परिवार और कांग्रेस का कैलेंडर ‘सरेंडर’ से भरा है : भाजपा
Published on: 

नई दिल्ली : ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच वार पलटवार का दौर निरंतर जारी है। राहुल गांधी के बयान ‘ऑपरेशन सिंदूर में नरेंदर का सरेंडर’ की कड़ी आलोचना करते हुए भाजपा ने कहा है कि राहुल गांधी के खानदान और कांग्रेस का पूरा कैलेंडर ‘सरेंडर’ से भरा पड़ा है।

भाजपा प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि ये शब्द प्रयोग कर राहुल गांधी ने भारत और भारतीय सेना का अपमान किया है। जो बात पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और सेना प्रमुख और हाफिज सईद तक ने नहीं की वह बयान राहुल गांधी ने पाकिस्तान के पक्ष में दे दिया। ये देश की सेना के शौर्य का अपमान है। सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि ओछी और स्तरहीन बातें राहुल गांधी भारत और भारत की सेना के बारे में दुनिया के सामने रख रहे हैं। इससे साबित होता है कि वे नेता प्रतिपक्ष जैसे जिम्मेदार पद पर रहने के लायक नहीं हैं। परिपक्वता का उनमें घोर अभाव है।

दरअसल सरेंडर का उनके परिवार का लंबा कैलेंडर है। सुधांशु त्रिवेदी ने एक-एक कर राहुल गांधी के परिवार और कांग्रेस के सरेंडर की घटनाओं का ब्यौरा दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मुस्लिम लीग के सामने सरेंडर कर भारत का बड़ा हिस्सा सरेंडर किया था। हाजी पीर दर्रा, पाक अधिकृत कश्मीर, सिंधु पानी, शिमला समझौता, मुंबई आतंकवादी हमले के बाद भी पाकिस्तान से शर्मल शेख में कम्पोजिट वार्ता करना जैसी घटनाओं से इनका कैलेंडर भरा पड़ा है। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि दरअसल ऑपरेशन सिंदूर के बाद से इंडिया गठबंधन के चेहरे का नकाब उतर गया है। उन्होंने अपने गठबंधन का नाम भले ही इंडिया रख लिया हो लेकिन ये केवल मुखौटा है। उनके दिल में पाकिस्तान है। उनकी रंगत देर से समझ आयी और पता चला कि उनका भारत का रंग कच्चा था, जो उतर गया।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in