

सियोल : उत्तर कोरिया ने कहा है कि उसने पनडुब्बियों से दागी जाने वाली क्रूज मिसाइलों का परीक्षण किया है। अमेरिका और दक्षिण कोरिया के साथ कूटनीतिक बातचीत लंबे समय से ठप रहने के बीच उत्तर कोरिया अपनी सैन्य क्षमताओं का लगातार विस्तार कर रहा है। उत्तर कोरिया के सरकारी मीडिया ने बताया कि देश की सेना ने अपने पूर्वी समुद्री क्षेत्र में दो तरह की मिसाइलों का परीक्षण किया। खबर में इन हथियारों को सामरिक बताया गया जिससे संकेत मिलता है कि इन्हें परमाणु हथियारों से लैस करने का इरादा है। इन परीक्षणों का उद्देश्य पानी के भीतर युद्धक प्रणालियों की देश की तैयारी का आकलन करना, सामरिक अभियानों को अंजाम देने की नौसेना की क्षमता बढ़ाना और उसके परमाणु प्रतिरोधक तंत्र की विश्वसनीयता प्रदर्शित करना था। दक्षिण कोरिया की सेना ने इन परीक्षणों पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।