

सियोल : उत्तर कोरिया ने मंगलवार को कहा कि उसके हालिया मिसाइल परीक्षणों में ‘‘बहुत अहम’’ नयी हथियार प्रणाली का इस्तेमाल किया गया। उत्तर कोरिया द्वारा जारी तस्वीरों से पता चलता है कि उसने ऐसी मिसाइल का परीक्षण किया है जिसे पहले ‘‘हाइपरसोनिक’’ बताया गया था। उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग उन ने कहा कि इस हथियार के बनने से देश की युद्धक क्षमता मजबूत होगी और उसके दुश्मनों के लिए यह ऐसी सिरदर्दी बनेगा जिसका कोई इलाज नहीं होगा। उन्होंने यह नहीं बताया कि यह कौन सा हथियार है। किम ने रविवार को अपनी बेटी के साथ इन परीक्षणों को देखा। उनकी बेटी को व्यापक रूप से उनके संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जाता है। दक्षिण कोरिया की सेना के अनुसार, उत्तर कोरिया ने पूर्वी तट पर वॉनसन इलाके से तीन घंटे के अंतराल पर कम दूरी वाली दो मिसाइल दागीं। दक्षिण कोरिया के ‘जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ’ ने बताया कि मिसाइलें समुद्र की ओर क्रमशः लगभग 450 और 600 किलोमीटर (280 मील और 370 मील) तक गईं। जापान की सेना ने कहा कि वे देश के विशिष्ट आर्थिक क्षेत्र के बाहर समुद्र में गिरीं। ये परीक्षण उत्तर कोरिया द्वारा हाल में लगातार किए जा रहे सैन्य शक्ति प्रदर्शन का हिस्सा हैं, जिनमें वास्तविक गोला-बारूद के साथ सैन्य अभ्यास और एक नए युद्धपोत को सेवा में शामिल करना भी शामिल है। किम कूटनीति को फिर से शुरू करने की अमेरिकी अपील के बावजूद अपने बढ़ते परमाणु कार्यक्रम का प्रदर्शन कर रहे हैं। कई वर्षों से लगातार किए जा रहे परीक्षणों के बाद किम के पास अब परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम मिसाइलों का बड़ा जखीरा है। इनमें ऐसी लंबी दूरी की मिसाइल भी शामिल हैं जो संभावित रूप से अमेरिका की मुख्य भूमि तक पहुंच सकती हैं और कम दूरी की ऐसी प्रणालियां भी हैं, जिन्हें दक्षिण कोरिया और जापान की मिसाइल रक्षा प्रणालियों को भेदने के लिए बनाया गया है।