जजान रिफाइनरी पर मिसाइल हमला, नेपाली नागरिक की मौत

सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने ईरान समर्थित हूतियों को दोषी बताया।
Missile attack on Jazan refinery; Nepali national killed
हमले के बाद रिफाइनरी से उठती आग की लपटें
Published on: 

रियाद : सऊदी अरब के जजान स्थित अरामको रिफाइनरी पर शुक्रवार तड़के प्रक्षेपास्त्र गिरने से आग लग गई। घटना में एक नेपाली नागरिक की मौत हुई, जबकि कई कर्मचारी घायल हो गए। संयंत्र का कुछ संचालन रोकना पड़ा। ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है। आग पर काबू पा लिया गया है। तकनीकी जांच जारी है। मंत्रालय ने हमले के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया। हालांकि, सऊदी नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने ईरान समर्थित हूतियों को दोषी बताया। गठबंधन के अनुसार, उसने यमन के होदेइदा बंदरगाह में मिसाइल प्रक्षेपण मंच नष्ट किया है। उसका दावा है कि इसी मंच से रिफाइनरी पर हमला हुआ था। 24 नवंबर को रियाद में हमले में 11 लोग घायल हुए थे, जिनमें दो भारतीय थे। अगले दिन हूतियों ने रास तनूरा रिफाइनरी और जेद्दा तथा जजान बंदरगाहों पर हमले का दावा किया। यमन की राजधानी सना पर नियंत्रण रखने वाले हूती गृहयुद्ध फिर भड़कने के बाद सऊदी हवाई अड्डों और तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बना रहे हैं। हमलों से अरामको का संचालन और रियाद की उड़ानें प्रभावित हुईं। सितंबर में लाल सागर तट के रणनीतिक इलाकों पर कब्जे के बाद संघर्ष तेज हुआ।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News