मुंबई में भारी बारिश- जलजमाव के बीच भूस्खलन, 2 की मौत

जनजीवन अस्त-व्यस्त, आवागमन बाधि,
बारिश का एक दृश्य
बारिश का एक दृश्य
Published on

मुंबई : मुंबई के विक्रोली में भारी बारिश के बीच हुए भूस्खलन के कारण 2 लोगों की मौत हो गयी और कई अन्य घायल हो गए।

स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि यह घटना विक्रोली पार्कसाइट के वर्षा नगर में देर रात करीब 2 बजकर 39 मिनट पर हुई। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि पास की एक पहाड़ी से मिट्टी और पत्थर एक झोपड़ी पर गिर गए, जिससे एक ही परिवार के 4 लोग घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय निकाय द्वारा संचालित राजावाडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनमें से 2 को मृत घोषित कर दिया।

अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन विभाग, स्थानीय पुलिस और महानगर पालिका के कर्मचारियों सहित आपातकालीन मोचन दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। मृतकों की पहचान शालू मिश्रा (19) और सुरेश मिश्रा (50) के रूप में हुई है तथा घायलों में आरती मिश्रा (45) और ऋतुराज मिश्रा (20) शामिल हैं, जिनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। क्षेत्र के अन्य निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है। मालूम हो कि मुंबई और इसके उपनगरों में शनिवार रात भारी बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों में पानी भर गया और उपनगरीय रेल सेवाएं प्रभावित हुईं। कुछ जगहों पर 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गयी। भारत मौसम विज्ञान विभाग ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है, जिसमें महानगर में 2 दिन तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। बृहन्मुंबई महानगर पालिका (बीएमसी) ने लोगों से अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है। शनिवार की रात करीब एक बजे शुरू हुई बारिश सुबह तक लगातार जारी रही। इससे पश्चिमी और पूर्वी उपनगरों के निचले इलाकों में पानी भर गया, जिनमें विक्रोली, घाटकोपर, भांडुप, अंधेरी, किंग्स सर्कल, मलाड और गोरेगांव समेत कई इलाके शामिल हैं। मध्य और पश्चिमी रेल मार्गों पर कई स्थानों पर पटरियों पर जलभराव होने के कारण मुंबई की उपनगरीय रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

शनिवार सुबह दादर, कुर्ला, सायन, चूनाभट्टी, तिलक नगर सहित अन्य रेलवे स्टेशनों पर पटरियों पर पानी भर गया, जिससे मध्य रेलवे की मुख्य और हार्बर लाइन पर परिचालन बुरी तरह बाधित हुआ तथा पश्चिमी रेलवे की रेल सेवाएं भी देरी से चलीं। बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन (बेस्ट) के एक प्रवक्ता ने कहा कि सायन, किंग्स सर्कल, आरे कॉलोनी और मलाड भूमिगत मार्ग सहित जलभराव वाले अन्य इलाकों से मार्ग परिवर्तन के कारण बस संचालन भी प्रभावित हुआ। स्थानीय निकाय के अधिकारियों ने बताया कि कई इलाकों से पानी निकासी की जा रही है और जलभराव व पेड़ गिरने की शिकायतों के समाधान के लिए प्रतिक्रिया दल तैनात किए गए हैं। आईएमडी के अनुसार, शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे से शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे के बीच मुंबई के कई हिस्सों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उपनगर विक्रोली में सबसे अधिक 248.5 मिलीमीटर, उसके बाद सांताक्रूज में 232.5 मिलीमीटर, सायन में 221 मिलीमीटर और जुहू में 208 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी। दक्षिण मुंबई की तुलना में उपनगरों में बारिश की तीव्रता अधिक रही, जहां इस दौरान कोलाबा में सिर्फ 70 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी।

दिल्ली में बारिश की संभावना

नयी दिल्ली स्थित आईएमडी ने दिल्ली में शनिवार को बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसके अलावा यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री कम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, शनिवार और रविवार को आमतौर पर बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश होने का अनुमान है, जबकि अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह साढ़े आठ बजे सापेक्ष आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गयी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 112 रहा जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच को ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच को ‘खराब’, 301 से 400 के बीच को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच को ‘गंभीर’ माना जाता है।


संबंधित समाचार

No stories found.

कोलकाता सिटी

No stories found.

खेल

No stories found.
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in