खामेनेई के अंतिम विदाई में जुटे लाखों लोगों ने बहाया आंसू

अमेरिका मुर्दाबाद का लगाया नारा
People mourning while holding a picture of the Supreme Leader
सर्वोच्च नेता की तस्वीर लेकर शोक मनाते लोग
Published on

तेहरान : अमेरिका एवं इजराइल के हमलों में मारे गए ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के कई दिन तक चलने वाले अंतिम संस्कार कार्यक्रम शनिवार से शुरू हो गए। फरवरी में ईरान युद्ध की शुरुआत में हुए हवाई हमले में 86 वर्षीय खामेनेई की मौत हो गई थी। खामेनेई का शव ईरान की राजधानी तेहरान स्थित ‘ग्रैंड मोसल्ला’ में लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। काले कपड़े पहने शोकाकुल लोग शनिवार तड़के ‘ग्रैंड मोसल्ला’ पहुंचने का प्रयास करते हुए तेहरान की सड़कों पर आगे बढ़ते नजर आए। सड़कों पर गाड़ियों की आवाजाही नहीं थी। 

लोगों ने लगाया खून के बदले खून व अमेरिका मुर्दाबाद का नारा

कुछ लोगों के हाथों में बैनर और झंडे थे, जबकि शहरभर में लगे बड़े-बड़े बोर्ड पर खामेनेई की तस्वीरें दिखाई दीं। बाहर मौजूद पुरुषों की भीड़ लयबद्ध तरीके से अपनी छाती पीटकर शोक जता रही थी। शिया समुदाय के अंतिम संस्कार में यह एक आम परंपरा है। शोक मना रहे लोगों ने कुछ लोगो ने खून के बदले खून, अमेरिका मुर्दाबाद का भी नारा लगाकर अपनी नाराजगी जताई। अपनी मां के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने आईं 27 वर्षीय हनानेह मौसवी ने रोते हुए कहा कि मैं अपने प्रिय नेता अली खामेनेई को अंतिम विदाई देने यहां आई हूं। मैंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा दिन देखना पड़ेगा। काश, इस त्रासदी से पहले मेरी मौत हो गई होती। तेहरान से करीब 530 किलोमीटर दूर उत्तर-पश्चिमी शहर तबरीज से आए अली काजमी ने कहा कि हम अंतिम संस्कार में यह दिखाने के लिए शामिल हुए हैं कि हम सभी अपने देश और धर्म की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी से खासकर ऐसे समय में ईरान सरकार का मनोबल बढ़ाने में मदद मिल सकती है, जब वह युद्ध को स्थायी रूप से समाप्त करने के लिए अमेरिका के साथ बातचीत में होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने नियंत्रण का लाभ उठाने की कोशिश कर रही है। ईरान ने अंतिम संस्कार कार्यक्रम शुरू करने के लिए चार जुलाई का दिन चुना, जब अमेरिका अपनी स्थापना की 250वीं वर्षगांठ मना रहा है। अधिकारियों ने इस समय के चयन के बारे में कुछ नहीं कहा।  

अंतिम संस्कार के लिये दी एक सप्ताह की मोहलत- ट्रंप

इसी दौरान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने साउथ डकोटा में माउंट रशमोर के सामने आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि हमने ईरान को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया है। वे समझौता करने के लिए बेहद बेचैन हैं। हमने अंतिम संस्कार के लिए उन्हें एक सप्ताह की मोहलत दी है। 

खामेनेई के पार्थिव शव को ईरान और पड़ोसी देश इराक के विभिन्न शहरों में ले जाया जाएगा। अधिकारियों ने शोक कार्यक्रमों के लिए तेहरान में सड़कों और हवाई क्षेत्र को बंद कर दिया है। यह स्पष्ट नहीं है कि ईरान के नए सर्वोच्च नेता अयातुल्ला मुजतबा खामेनेई अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे या नहीं। उनके पिता अली खामेनेई 1989 में खुमैनी के अंतिम संस्कार में शामिल हुए थे और उस समय वह रोते हुए नजर आए थे। इसके बाद उन्होंने दशकों तक ईरान का सख्ती से नेतृत्व किया और पश्चिमी देशों का सामना किया। इजराइल ने मुजतबा खामेनेई को मारने की कई बार धमकी दी है, जिसके बाद ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने बृहस्पतिवार को चेतावनी जारी की। सैन्य कमान ने इजराइल और अमेरिका से कहा कि वे आने वाले दिनों में ‘‘कोई गलत आकलन नहीं करें।

Google पर संवाद सर्च बनाएं →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in