हसीना के प्रत्यर्पण के लिए भारत से फिर मांगा सहयोग

बांग्लादेश के कानून मंत्री एमडी असदुज्जमां ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को दोषी करार अपराधी बताया
India’s cooperation sought once again for Hasina’s extradition
शेख हसीना
Published on: 

ढाका : बांग्लादेश के कानून मंत्री एमडी असदुज्जमां ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को दोषी करार अपराधी बताते हुए कहा कि उन्हें भारत से वापस लाने के लिए प्रत्यर्पण संधि के तहत अनुरोध किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार इस मामले में भावनाओं के बजाय कानूनी प्रक्रिया का पालन करेगी। ढाका में एक प्रशिक्षण कार्यशाला के उद्घाटन के बाद पत्रकारों से बातचीत में मंत्री ने कहा कि हसीना को वापस लाने के लिए सभी जरूरी कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में गृह मंत्रालय संबंधित है और भारत सरकार को संधि के तहत अनुरोध भेजा गया है। गौरतलब है कि भारत ने पहले भी हसीना के प्रत्यर्पण संबंधी अनुरोध मिलने की पुष्टि की थी। हालांकि, उन्हें बांग्लादेश सौंपने पर अब तक कोई फैसला सार्वजनिक नहीं किया गया है। विदेश मंत्रालय ने कहा था कि अनुरोधों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत समीक्षा की जा रही है। हसीना पांच अगस्त 2024 को व्यापक जनआंदोलन के बाद भारत आ गई थीं। नवंबर 2025 में बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने उन्हें मानवता के खिलाफ अपराधों का दोषी ठहराते हुए एक मामले में मृत्युदंड और दूसरे में उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

सन्मार्ग को Google पर पसंदीदा सोर्स बनाएं →
Follow Sanmarg on Google News