

संयुक्त राष्ट्र : विश्व बैंक के वरिष्ठ अधिकारी ने भारत की जल प्रबंधन संबंधी पहलों को विकासशील देशों के लिए एक मॉडल बताया है। विश्व बैंक समूह के जल क्षेत्र के वैश्विक निदेशक सरोज कुमार झा ने भारत की प्रगति को उल्लेखनीय सफलता की कहानी करार दिया। उन्होंने कहा कि पेयजल की पहुंच बढ़ाने, नदियों के पुनरुद्धार और बांधों की सुरक्षा मजबूत करने के भारत के प्रयासों से दूसरे देश भी सीख सकते हैं। झा ने 2026 के संयुक्त राष्ट्र जल सम्मेलन से पहले आयोजित ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत ने जल प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफर तय किया है। जल जीवन मिशन, नमामि गंगे और स्वच्छ भारत मिशन जैसी पहलें व्यावहारिक समाधान पेश करती हैं, जिन्हें अन्य देश भी अपना सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में जल प्रबंधन की पूरी व्यवस्था का अध्ययन किया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि देश के सामने अभी कई चुनौतियां हैं और इस दिशा में काफी काम किया जाना बाकी है। सम्मेलन 8 से 10 दिसंबर तक अबू धाबी में होगा।