

इस्लामाबाद : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को शुक्रवार सुबह इस्लामाबाद के एक निजी अस्पताल में चिकित्सकीय जांच के बाद रावलपिंडी की अदियाला जेल वापस भेज दिया गया। उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में जेल से अस्पताल ले जाया गया था। 73 वर्षीय इमरान खान को आधी रात के बाद शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाया गया। अदालत के समक्ष पेश की गई मेडिकल रिपोर्ट में उनके लेवल थ्री प्लस एंग्जायटी से पीड़ित होने की बात कही गई थी। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अत्ताउल्लाह तरार ने सोशल मीडिया पोस्ट में पुष्टि की कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के तहत 20 और 21 अगस्त की दरम्यानी रात उचित सुरक्षा व्यवस्था के बीच कैदी को अस्पताल ले जाया गया था। जहां नेत्र रोग विशेषज्ञ, हृदय रोग विशेषज्ञ और चिकित्सक समेत योग्य डॉक्टरों की टीम ने इमरान खान की विस्तृत जांच की और उन्हें चिकित्सकीय रूप से स्वस्थ घोषित किया। उनकी बहन उज्मा खान भी जांच और उपचार के दौरान मौजूद रहीं। पूरी चिकित्सा प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें लगभग शुक्रवार सुबह पांच बजे अदियाला जेल वापस भेज दिया गया। सरकार ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में आदेश की समीक्षा और उसे वापस लेने की मांग करते हुए याचिका दायर की थी। हालांकि, अदालत के रजिस्ट्रार कार्यालय ने अधूरे कागजात का हवाला देते हुए याचिका लौटा दी थी।