इमरान खान की रिहाई की मांग को लेकर समर्थकों का देशव्यापी प्रदर्शन

पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान तीन साल से जेल में हैं बंद
जेल में इमरान खान के तीन साल पूरे, रिहाई की मांग को लेकर पाकिस्तान भर में समर्थकों का प्रदर्शन
इमरान खान की रिहाई की मांग पर प्रदर्शन करते समर्थक
Published on

लाहौर : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की गिरफ्तारी के तीन वर्ष पूरे होने पर बुधवार को उनके समर्थकों ने देश के कई हिस्सों में विरोध-प्रदर्शन और रैलियां आयोजित कीं। कई स्थानों पर प्रशासन की रोक और पुलिस कार्रवाई के बावजूद प्रदर्शन किए गए। पंजाब प्रांत में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के 20 से अधिक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। 73 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर और राजनेता इमरान खान को 5 अगस्त 2023 को भ्रष्टाचार के एक मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद जेल भेजा गया था। उनके खिलाफ कई अन्य मामले भी दर्ज हैं। इनमें कुछ मामलों में उनकी सजा पर रोक लगाई गई है या फैसले पलट दिए गए हैं, लेकिन अन्य मामलों में सुनवाई लंबित होने के कारण वह अब भी जेल में हैं। इमरान खान की पार्टी ने बुधवार को पाकिस्तान के चारों प्रांतों में विभिन्न स्थानों पर रैलियां आयोजित करने की अनुमति मांगी थी। हालांकि पंजाब, सिंध और बलूचिस्तान में प्रशासन ने इसकी अनुमति नहीं दी। इसके बाद खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर में आयोजित सभा पार्टी के अभियान का मुख्य केंद्र बन गई, जहां इमरान खान की रिहाई की मांग प्रमुख मुद्दा रही। पार्टी के अनुसार, इमरान खान की कम से कम दो बहनें पेशावर की सभा को संबोधित करने वाली थीं। खैबर पख्तूनख्वा में पीटीआई की सरकार है।

पीटीआई के वरिष्ठ नेता शेख वकास अकरम ने कहा कि अनुमति नहीं मिलने के बावजूद पार्टी नेतृत्व ने सभी क्षेत्रीय इकाइयों को शांतिपूर्ण रैलियां आयोजित करने के निर्देश दिए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी और विशेष रूप से पंजाब में कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि हम इमरान खान के समर्थन में सड़कों पर उतरते रहेंगे।

Google पर सन्मार्ग न्यूज़ पडे →
logo
Sanmarg Hindi daily
sanmarg.in