

काठमांडू : नेपाल में गुरुवार से जारी भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई है। कई घर बह गए और सड़क यातायात प्रभावित हुआ। यह संकट ऐसे समय आया है, जब करीब एक महीने पहले आई विनाशकारी बाढ़ में कम से कम 1,453 लोगों की मौत हो चुकी है और 5,000 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीआरआरएमए) के अनुसार, शनिवार तक 1,451 शव बरामद किए गए, जबकि दो लोगों की उपचार के दौरान मौत हुई। अब तक 13,795 लोगों को बचाया गया है। लुंबिनी प्रांत के रुपंदेही जिले में तिनाउ नदी खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण शनिवार रात छह घर बह गए। करीब 200 अन्य घरों पर भी खतरा है। सुरक्षा बलों ने करीब 1,000 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। चितवन में नारायणी और रिउ नदियां खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गईं। कर्णाली क्षेत्र में भी नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है और कई स्थानों पर भूस्खलन से सड़कें बाधित हुई हैं। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा है।